मुस्लिम संगठनों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पूछा है कि हिंदू राष्ट्र से उनका आशय क्या है? राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार से कानपुर में मुस्लिमों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और उनसे छह सवाल पूछे।
प्रतिनिधिमंडल को जवाब तो नहीं मिल पाया, लेकिन सवालों पर बहस होती रही और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला।
दरअसल, शहर में संघ प्रमुख मोहन भागवत के दो दिन के प्रवास के दौरान मुस्लिमों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मिलकर अपनी कुछ शंकाओं का समाधान करने के लिए वक्त मांगा था। भागवत ने मिलने का वक्त तो नहीं दिया लेकिन संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी इंद्रेश कुमार को मुलाकात करने का जिम्मा सौंपा।
सोमवार रात किदवईनगर की पार्षद रीता शास्त्री के घर इंद्रेश से मिलने ऑल इंडिया सुन्नी उलेमा काउंसिल के जनरल सेकेट्री हाजी मोहम्मद सलीस, हाजी मोहम्मद इकबाल अंसारी, हाजी इश्तियाक निजामी आदि पहुंचे।
मुस्लिम नेताओं ने कहा कि संघ भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करता है। इससे मुस्लिमों में खौफ है। इसके साथ ही अपने पांच सवाल भरा पत्र इंद्रेश को थमा दिया। इंद्रेश कुमार बोले, आप जवाब लेने नहीं, प्रोपेगेंडा करने आए हैं। आप के सभी सवालों के जवाब बंद कमरे में नहीं, जनसभा में दूंगा। आप जब चाहें जनसभा का आयोजन करें।
दोनों पक्षों में बहस होती रही, हालांकि कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। आप भी देखिए लगभग 25 मिनट का ये वीडियो सुनिए इंद्रेश कुमार और मुस्लिम प्रतिनिधियों की बातचीत-