प्रश्नकाल के थोड़ी देर पहले ही सदन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को सांसदों ने अलग-अलग अंदाज में अभिवादन किया। कई सदस्यों का अभिवादन स्वीकार करने में व्यस्त पीएम का जब सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की ओर ध्यान नहीं गया तो उन्होंने दोनों हाथों को सिर के ऊपर ला कर कहा प्रधानमंत्री जी मेरा नमस्कार तो ले लो। इसके बाद पीएम ने तत्काल मुस्करा कर मुलायम का अभिवादन स्वीकार किया। इससे ठीक पहले पीएम कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
लोकसभा में बुधवार को सरकार और विपक्ष के बीच जुबानी जंग के दौरान कई दिलचस्प टिप्पणियां सामने आईं। बदरुद्दीन अजमल से टोकाटोकी कर रहे सांसद अचानक उस समय उनके लिए मेज थपथपाने पर मजबूर हुए जब अजमल ने कहा कि वह तो हमेशा से पीएम के साथ हैं। इस दौरान जब विपक्ष ने सरकार पर संघ परिवार के इशारे पर चलने का आरोप लगाया तो सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री ने कांग्रेस पर गांधी परिवार के इशारे पर चलने का आरोप लगा कर पलटवार किया।
सदन में उस समय तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई जब क्रिसमस के दिन स्कूल खुला रखने संबंधी मानव संसाधन मंत्रालय के सर्कुलर पर कांग्रेस ने सरकार पर संघ परिवार का एजेंडा लागू करने का आरोप लगाया। इस दौरान मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी जहां अपनी सीट से खड़ी हो कर जोर जोर से बोलती दिखीं। वहीं नायडू ने कांग्रेस पर न केवल गांधी परिवार के इशारे पर चलने का आरोप लगाया, बल्कि कहा कि कांग्रेस जिस परिवार के साथ चल रही है उससे देश और खुद कांग्रेस का विनाश हो रहा है।