आजमगढ़ जिले के सदर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव राजनीति शास्त्र में आगरा विश्वविद्यालय से परास्नातक हैं। ऋण विहीन मुलायम सिंह यादव के पास नकदी सिर्फ 77 हजार 553 रुपये है, लेकिन वह करीब 20 करोड़ के मालिक हैं।
विज्ञापन
नामांकन के दौरान दाखिल बयान हलफी में मुलायम सिंह यादव ने बताया है कि उनके पास कुल 19 करोड़ 72 लाख 59 हजार 817 रुपये की संपत्ति है। नकदी के रूप में मात्र 77 हजार 553 रुपये हैं।
विभिन्न बैंकों में जमा नगदी, शेयर और फर्नीचर, घरेलू उपकरण आदि 1 करोड़ 21 लाख 59 हजार 346.40 रुपये के हैं। अचल संपत्ति के रूप में गैर कृषि योग्य भूमि की कीमत 10 करोड़ 61 लाख 12 हजार 471 रुपये है। कृषि योग्य भूमि की कीमत 7 करोड़ 89 लाख 88 हजार रुपये है। मुलायम के विरुद्ध किसी थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हैं। कोर्ट में भी कोई मामला लंबित नहीं है।
विज्ञापन
कहां-कहां है मुलायम का पैसा
सपा सुप्रीमो के शपथ पत्र के मुताबिक मुलायम के नाम से बैंक आफ बड़ौदा में 82 हजार 380 रुपये, आटो स्वीप एकाउंट एसबीआई लखनऊ में 19 लाख 1 हजार रुपये, आटो स्वीप एफएफडी बैंक आफ बड़ौदा न्यू कालोनी इटावा में 12 लाख 18 हजार रुपये का एफडीआर है।
बचत खाता के रूप में बैंक आफ इटावा में 20 हजार 653 रुपये, बैंक आफ बड़ौदा में 18 हजार 583 रुपये, बैंक आफ बड़ौदा लखनऊ में 97 हजार 745 रुपये, एचडीएफसी बैंक इटावा में 90 हजार 658.78 रुपये, पीएसबी इटावा में 6 लाख 52 हजार 810.31 रुपये, एसबीआई दिल्ली में 43 लाख 09 हजार 630.21 रुपये, एसबीआई लखनऊ में 10 हजार 642.10 रुपये, एसबी लखनऊ सीए में 20 हजार 431 रुपये, बैंक आफ बदौड़ा मैनपुरी चुनाव खाता में 45 लाख 01 हजार रुपये जमा है।
इसके अलावा बिजली उपकरण की कीमत 23 हजार 945 रुपये, फर्नीचर की कीमत करीब 5 लाख 93 हजार 090 रुपये, ट्यूबवेल की कीमत 2 लाख 14 हजार 775 रुपये, इनवर्टर 36 हजार 450 रुपये का है। मुलायम सिंह की कुल सकल आय 1 करोड़ 21 लाख 59 हजार 346.40 रुपये है। अचल संपत्ति के रूप में मुलायम के पास इटावा और मैनपुरी में विभिन्न गांवों में मौजूद कृषि योग्य भूमि 7 करोड़ 89 लाख 88 हजार रुपये की है। गैर कृषि योग्य भूमि, कामर्शियल और आवासीय भवन का अनुमानित बाजार मूल्य 10 करोड़ 61 लाख 12 हजार 471 रुपये है।
यूपी के हालात गुजरात से बेहतर: मुलायम
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मोदी को फ्राड और झूठा बताया, साथ ही गुजरात में विकास के दावे को खारिज करते हुए कहा कि यूपी के हालात गुजरात से बेहतर हैं। गुजरात के किसानों को देश में सबसे महंगी खाद मिलती है। सर्वाधिक आत्महत्याएं गुजरात, महाराष्ट्र में हुईं हैं। पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं है। लोग भूख-प्यास से मर रहे हैं। 10 लाख से अधिक लोग बेरोजगार हैं। 45 फीसदी महिलाएं कुपोषण की शिकार हैं।
अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं। गांवों में आठ घंटे से अधिक बिजली नहीं मिलती है। जबकि यूपी में चिकित्सा, शिक्षा और सिंचाई का पानी मुफ्त है। पहली जुलाई से प्रदेश में संपूर्ण पढ़ाई मुफ्त कर दी जाएगी। अगले डेढ़ साल में गांवों में 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी। वे मंगलवार को आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से नामांकन करने के बाद आईटीआई मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सपा मुखिया ने अपने पूरे भाषण के दौरान गुजरात के विकास के दावों को गलत बताते हुए नरेंद्र मोदी को झूठा नेता बताया। कहा कि गुजरात में वर्ष 2003 में मेट्रो रेल की घोषणा की गई थी, 11 साल बाद भी इसकी शुरुआत नहीं हुई। जबकि यूपी सरकार ने दो साल पहले घोषणा करने के बाद लखनऊ में मेट्रो रेल परियोजना का काम शुरू करा दिया है। लखनऊ के साथ वाराणसी सहित अन्य महानगरों में मेट्रो रेल परियोजना बनेगी। मुलायम ने कहा कि मोदी वो नेता हैं जो 500 कुर्ता रखे हैं, जिसे दिनभर में कई बार बदलते हैं, वो गरीबों का क्या विकास करेंगे?
रोड शो के दौरान मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के स्वागत के लिए तकिया तिराहे पर बड़ी संख्या में मुसलमान हाथ में फूल माला लिए खड़े थे। इन लोगों ने मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाए और उन पर फूलों की बारिश की। मुलायम सिंह के काफिले में आगे पुलिस की गाड़ी थी। उसके आगे बैंड-बाजा बजाते लोग थे। नेताजी की गाड़ी पहुंचते ही चारों तरफ से फूलों की बारिश शुरू हो गई।
थोड़ी ही देर में गाड़ी का ऊपरी हिस्सा फूलों से लद गया। शीशा बंद गाड़ी में बैठे मुलायम ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। बहुत से लोगों ने इस दृश्य को कैमरे में कैद किया। नकाबपोश औरतों ने भी छतों पर खड़ी होकर फोटो खींचे। नेताजी की गाड़ी गुजरते ही बच्चे और नौजवान पीछे-पीछे कुछ दूर तक दौड़ गए। उधर, सभास्थल आईटीआई मैदान में बड़ी संख्या में मुस्लिम मौजूद थे। कोई आजमगढ़ के दूरदराज इलाके से आया था तो कोई पूर्वांचल के अन्य जिलों से। हाजी एजाज अहमद मुबारकपुर से अपने कई दोस्तों को लेकर आए थे। बताया कि सुबह 10 बजे से ही सभास्थल पर आए हैं। कहा कि सौभाग्य की बात है कि मुलायम सिंह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। लाटघाट से मौलाना इदरीश अपने कई मित्रों के साथ सभास्थल पर मौजूद थे।
गाजीपुर से मेराज खान सिर्फ मुलायम को देखने-सुनने के लिए रात में ही आ गए थे। इन लोगों का कहना है कि सांप्रदायिक ताकतों को सिर्फ नेताजी ही हरा सकते हैं, इसलिए उनका समर्थन जरूरी है। रोड शो के दौरान कुछ भीड़ स्वत: स्फूर्त थी तो कुछ प्रायोजित लगी।