केंद्र में सत्तासीन एनडीए की अहम सहयोगी शिवसेना ने मंगोलिया को एक अरब डॉलर का कर्ज देने संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने मंगोलिया को महाराष्ट्र से ज्यादा नसीबवाला बताते हुए पूछा है कि पीएम राज्य में कर्ज से परेशान किसानों की मदद के लिए यही उदारता क्यों नहीं दिखाते।
पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय के मुताबिक, ‘प्रधानमंत्री ने मंगोलिया को एक अरब डॉलर की मदद देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने इस छोटे राष्ट्र के विकास की नैतिक जिम्मेदारी उठाई है लेकिन यह कोई छोटी रकम नहीं है।
इससे आत्महत्या कर चुके किसानों की आत्मा की पीड़ा और बढ़ेगी।’ शिवसेना ने कहा कि मोदी ने ऐसे समय पर मंगोलिया को कर्ज सुविधा देने की घोषणा की है जब राज्य में बैंकों और निजी साहूकारों के कर्ज के बोझ तले दबे असहाय किसान सरकार से वित्तीय मदद मिलने का इंतजार कर रहे हैं।