मुरादाबाद के कटघर में छेड़छाड़ को लेकर हुए बवाल के बाद दो संप्रदाय आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग और पथराव हुआ।
मुकदमा दर्ज न होने से भड़की पब्लिक ने थाने के बाहर खड़े टैंपो को फूंक दिया। इसके बाद पचपेड़ा में जमकर फायरिंग हुई। हालात बिगड़ता देख भारी फोर्स बुला ली गई।
लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया। एसपी देहात की गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे मगर लोग आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े थे। देर रात तक सैकड़ों की भीड़ सड़क पर थी और तनाव बना हुआ था।
बवाल की शुरुआत दोपहर को उस वक्त हुई जब बाजार से लौट रही होली का मैदान निवासी एक महिला से मकबरा निवासी भूरा टकरा गया। महिला अपनी ननदों और मासूम बेटे के साथ बाजार गई थी।
जब महिला ने विरोध किया तो भूरा हमलावर हो गया और सिर पर फावड़ा मार दिया। युवती के हाथ में फावड़ा लगा। साथ में मौजूद उसकी ननद को भी पीटा गया। मासूम को भी गिरा दिया। हल्ला मचने पर मुहल्ले के लोग दौड़े तो युवक भाग गया।