बिहार भाजपा अध्यक्ष सीपी ठाकुर ने एक बार फिर एनडीए के अंदर प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर बहस छेड़ दी है। ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि यदि पार्टी ने गुजरात में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़े अंतर से जीत हासिल की तो वे प्रधानमंत्री पद के सशक्त उम्मीदवार के तौर पर उभरेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में पीएम पद के लिए कई योग्य नेता हैं और इस बारे में उचित समय पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
ठाकुर ने कहा कि पार्टी 2014 के आम चुनाव के पद पीएम पद के उम्मीदवार पर निर्णय करेगी और इसके बाद एनडीए इसे अपनी मंजूरी देगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनावों का देश की राजनीति पर असर पड़ेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बयान पर पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उन्होंने बयान नहीं देखा है। इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते।
गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जाने के सवाल पर मोदी ने कहा कि गुजरात में प्रचार के लिए अभी काफी समय है। यदि मेरी जरूरत पड़ेगी तो मैं अवश्य ही वहां जाऊंगा। बिहार के दो मंत्री अश्विनी चौबे और गिरिराज सिंह पहले ही गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जाने का ऐलान कर चुके हैं। नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सीपी ठाकुर और बिहार के अन्य पार्टी नेताओं को गुजरात आने को आमंत्रित किया था।