मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीअपने मंत्रिमंडल में ऐसे मंत्रियों को लेंगे जो 18 घंटे तक अनथक काम कर सकें और जिन्हें अपने विषयों और क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल हो।
मोदी ने अपनी यह मंशा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत को साफ तौर पर बता दी है। दिल्ली में पिछले दिनों संघ प्रमुख से अपनी मुलाकात में मोदी ने किसको मंत्री बनाएंगे इसकी चर्चा न करके यह चर्चा की वह अपने मंत्रिमंडल में कैसे मंत्री चाहते हैं।
यह जानकारी देने वाले संघ के सूत्रों ने यह भी बताया कि मोदी ने भागवत से यह अनुरोध भी किया है कि वह अपने मंत्रिमंडल केगठन में पूरी छूट चाहते हैं जिससे कि सरकार उन अपेक्षाओं पर खरी उतर सके जो देश की जनता ने भाजपा को अपार बहुमत देते हुए अपने मन में संजो रखी है।
सिफारिश करने वाले रहें दूर
मोदी के अनुरोध को स्वीकार करते हुए संघ प्रमुख ने संघ और भाजपा के पदाधिकारियों को यह संदेश दे दिया है कि कोई भी उनके पास मंत्री बनने या मनमाफिक विभाग पाने की सिफारिश की आशा लेकर मिलने न आए।
संघ प्रमुख ने मोदी से कहा है कि उन्हें अपने मंत्री बनाने की पूरी छूट है। मोदी ने भी उन्हें भरोसा दिया है कि मंत्रियों की सूची तैयार करने केबाद राष्ट्रपति भवन भेजने से पहले वह एक बार संघ प्रमुख को दिखाकर उनकी सलाह जरूर लेंगे।
संघ सूत्रों के मुताबिक संघ नेतृत्व ने तय किया है कि सरकार बनाने और चलाने की पूरी आजादी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी जाएगी।
संघ क्या चाहता है?
संघ चाहता है कि मोदी एक मजबूत और निर्णय लेने वाली विकासवादी सरकार देश को दें। संघ मोदी से क्या अपेक्षाएं रखता है,इससे उन्हें अवगत करा दिया गया है।
संघ केएक नेता केमुताबिक संघ नेतृत्व चाहता है कि मोदी सरकार में हर तरह का संतुलन रहे और सरकार अपनी प्राथमिकताओं पर तेजी से अमल करे। पहली बार जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है, इसलिए इस सरकार पर वैसे दबाव भी नहीं होंगे जैसे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार पर थे।
यह स्थिति जहां सरकार को दृढ़ता प्रदान करती है, वहीं अब प्रधानमंत्री, सरकार और भाजपा केपास वादे पूरे न कर पाने की कोई मजबूरी भी नहीं रह गई है।