गुजरात के विकास मॉडल को 'टॉफी मॉडल' करार देने पर राहुल गांधी पर करारा हमला बोलते हुए भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का दिमाग विकसित नहीं हुआ है और वो अब भी बच्चों की तरह सोचते हैं।
3डी रैलियों के दूसरे दौर को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "उनकी उम्र पर मत जाइए, वो मानसिक रूप से अभी परिपक्व नहीं हुए हैं और इसलिए टॉफी की बात करते हैं।" 3डी टेक्नोलॉजी के जरिए 15 शहरों की सौ लोकेशन पर मोदी ने संबोधित किया।
राहुल ने बताया था टॉफी मॉडल
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "वो दिल से बच्चे हैं, क्योंकि अगर परिपक्व होते, तो उन्हें पता है कि गुजरात सरकार के 300 से ज्यादा मॉडल को संयुक्त राष्ट्र और भारत सरकार से टॉफी (ट्रॉफी) मिल चुकी हैं।"
राहुल ने विकास के गुजरात मॉडल को टॉफी मॉडल करार दिया था। उनका कहना था कि जिस तरह एक रुपए की टॉफी मिलती है, वहीं गुजरात में कुछ लोगों को एक रुपए प्रति मीटर के हिसाब से जमीन मिलती है। ऐसे में यह विकास मॉडल नहीं, बल्कि टॉफी मॉडल है।
मोदी कर रहे हैं 3डी रैलियां
नरेंद्र मोदी की रैलियों में 3डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि वो ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। इस रैली के पहले दौर में 11 अप्रैल को 20 से ज्यादा राज्यों में मोदी ने भाषण दिया था।
पिछले कुछ दिनों से नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच जुबानी जंग तीखी होती जा रही है। चुनावी मौसम की शुरुआत में राहुल कुछ बैकफुट पर दिख रहे थे, लेकिन अब आक्रामक अंदाज में हमले बोलने लगे हैं।