प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि असंतुष्ट गैर सरकारी संगठन और कालाबाजारी करने वाले लोग सरकार को अस्थिर करने और उन्हें ‘बदनाम’ करने की साजिश रच रहे थे। उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा कि वह ऐसी किसी साजिश के आगे नहीं झुकेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘कुछ लोग’ इस तथ्य को नहीं पचा पा रहे थे कि एक ‘चाय वाला’ प्रधानमंत्री बन गया है और इसलिए उसे नीचे गिराने को हर समय साजिश रच रहे थे।
किसान रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आपने हाल में देखा है मेरे पर हर समय हमले हो रहे थे। कुछ लोग लगातार इसमें लगे थे। वे इस बात को पचा नहीं पा रहे थे कि मोदी किस तरह प्रधानमंत्री बन गया।’ उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि उन्होंने कुछ कदम उठाए थे जिसके कारण ‘वे लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।’