फ्रांस,जर्मनी और कनाडा की यात्रा पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में यूनेस्को के मुख्यालयय में संबोधन दिया। मोदी ने यहां पर शांति और भाईचारे का जिक्र करते हुए कहा कि हमने काफी काम किया लेकिन अभी काफी कुछ करना बाकी है।
मोदी के पोडियम पर आने से पहले यूनेस्को की डॉयरेक्टर जनरल एरिना बोक्वा ने भी भारत के प्रयासों की सराहना की। वहीं मोदी के पोडियम पर आने से पहले पूरे सभागार में वंदे-मातरम और भारत माता की जय के नारे लगने लगे। इसे देखकर मोदी भी अपनी मुस्कान नहीं रोक सके।
मोदी ने यहां पर कहा, "हमने एक बेहद महात्वाकांक्षी योजना को लोगों के सामने रखा है जिससे सुदूर से सुदूर गांव में बैठे युवक को प्रशिक्षण और शिक्षा मुहैया कराई जा सकती है। डिजिटल कनेक्टिविटी एक अच्छी चीज है डिजिटल इंडिया के जरिए आम इंसान को सरकार से सीधे जोड़ने में आसानी होगी।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में लड़कियों को शिक्षित करना और समर्थन देने की योजना मेरे दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि मैं यूनेस्को को महात्मा गांधी का संदेश याद दिलाना चाहता हूं जिसमें उन्होंने शांति की सुरक्षा और स्थायित्व की बात की थी।