लोकसभा चुनाव में अब लड़ाई आर-पार की हो चली है। एक तरफ राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस अपना गढ़ बचाने की कोशिश कर रही है और दूसरी ओर, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस बार सत्ता तक पहुंचना चाहती है।
मोदी पर सभी की निगाह हैं, ऐसे में उनकी हर बात और उनसे जुड़ी हर बात खबर बनती है। वडोदरा से पर्चा भरते वक्त उन्होंने पहली बार अपनी वैवाहिक स्थिति का खुलासा किया और अपनी पत्नी का नाम जशोदाबेन बताया।
मोदी की मां ने तोड़ी चुप्पी
इसे लेकर खूब हल्ला मचा। कुछ वक्त पहले मोदी की पत्नी का इंटरव्यू सामने आया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि किस तरह मोदी उनसे अलग हो गए थे। जशोदाबेन स्कूल से रिटायर हैं और उनके मन में मोदी के लिए कोई बुरी भावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि वो मोदी को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती हैं। हालांकि, जब से मोदी ने पर्चा दाखिल किया है, जशोदाबेन की कोई खबर नहीं मिल रही। वो चार धाम यात्रा पर निकली बताई जाती हैं। इस बीच नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है।
बेटा जरूर पीएम बनेगाः हीराबेन
इन दिनों नरेंद्र मोदी देश भर में चुनाव प्रचार में मसरूफ हैं, लेकिन हीराबेन ने भरोसा जताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री और उनके बेटे मोदी देश के प्रधानमंत्री जरूर बनेंगे।
टीवी चैनल से बातचीत में हीराबेन ने भावनाएं उड़ेलीं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा एक दिन दुनिया का राजा बनेगा। 77 वर्षीय हीराबेन ने कहा, "मेरा बेटा देश का प्रधानमंत्री जरूर बनेगा। मुझे 100 फीसदी विश्वास है।"
16 मई को होगा किस्मत पर फैसला
हीराबेन गुजरात के गांधीनगर के सेक्टर 22 में रहती हैं। हीराबेन चाहती हैं कि जीत उनके बेटे के कदम चूमे, लेकिन मोदी की किस्मत का फैसला 16 मई को होना है।
बुधवार को हीराबेन वोट डालने ऑटो रिक्शा से गईं। उनसे पहले मोदी ने भी वोट डाला और कहा कि वो खुशकिस्मत हैं कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की लोकसभा सीट पर वोट डालने का मौका मिल रहा है।