वह कहने को तो बाप था लेकिन बेटी के साथ पेश आता था बिलकुल वहशी की तरह। पिछले दो साल से लगातार वह वहशी अपनी बेटी के संग बलात्कार करता रहा।
जब 16 साल की बेटी उसकी इस नीच हरकत का विरोध करती तो वह उसकी बेरहमी से पिटाई करता।
महाराष्ट्र के पुणे शहर में यह शैतान पिता अपनी ही बेटी का वर्षों तक शोषण करता रहा जब तक कि लड़की के दादा-दादी ने अपने ही बेटे के खिलाफ कार्रवाई का मन नहीं बना लिया।
एयरपोर्ट पुलिस ने उस 37 वर्षीय शैतान पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल में 20 बार किया बलात्कार
पुलिस के अनुसार यूपी का रहने वाला 37 वर्षीय शाहबुद्दीन बंदु अंसारी ने अपनी सोलह वर्षीय बेटी के साथ दो साल तक कम से कम 20 बार रेप किया।
उसने लड़की को धमकी दी थी कि अगर उसने अपना मुंह खोला तो वह उसे जान से मार देगा।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर एच बी मार्कड ने बताया कि 'पीड़िता अंसारी की बेटी है और उसकी पहली बीवी से है।
ऑटो ड्राइवर का काम करने वाले अंसारी ने लड़की के साथ बीते दो सालों में यूपी के गांव व पुणे के लोहगांव स्थित घर में कई बार यौन शोषण किया। उसने कथित तौर पर 20 बार बेटी के साथ बलात्कार किया।'
दादा-दादी ने पुलिस को दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि 'अंसारी ने अपनी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी और कहा था कि यदि उसने इस दुष्कृत्य के बारे में किसी को भी बताया तो अच्छा नहीं होगा।
परिवारवालों को भी इस अंसारी की इस हरकत के बारे में जानकारी थी लेकिन उन्होंने अपनी जुबान बंद रखने में ही भलाई समझी।
उन्होंने लड़की की शादी करने की कोशिश भी की लेकिन उसकी उम्र इसमें आड़े आई। अंततः लड़की के दादा-दादी ने पुलिस के पास जाने का फैसला किया और उन्होंने अपने बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। लड़की ने खुद ही इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई।'
अंसारी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 506(1) और पॉक्सो की धारा 3(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।