गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का बायकॉट खत्म करने के यूरोपीय संघ के ऐलान को लेकर कांग्रेस बुरी तरह बौखला गई है। पार्टी ने मोदी पर निजी हमला बोलते हुए उन्हें महिला और गरीब विरोधी करार दिया है। कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने तो कह दिया कि मोदी जब अपनी पत्नी का सम्मान नहीं कर सकते हैं तो दूसरों की पत्नियों का क्या सम्मान करेंगे।
उन्होंने मोदी पर निजी हमले को आगे बढ़ाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के पास क्या सबूत है कि उन्होंने शादी नहीं की। मोदी महिला विरोधी ही नहीं गरीब और ग्रामीण विरोधी भी हैं। वह तो शहरी सुख सुविधा में रहने वाले हैं, उन्हें यह भी नहीं पता कि एग्रीकल्चर कैसे बोला जाता है। यूरोपीय यूनियन के मोदी से रिश्ते जोड़ने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देने के बजाय रेणुका ने उलटे सवाल किया कि क्या उन्हें अमेरिका से वीजा मिल गया है।
वहीं, कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि यूरोपीय यूनियन ने पहले मोदी को गुजरात दंगों की याद दिलाते हुए उन्हें इस सिलसिले में जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। उन्होंने मोदी से सवाल पूछा कि क्या वे इसकी जिम्मेदारी लेंगे।