मुंबई में हुई नरेंद्र मोदी की महागर्जना रैली के दौरान 300 चायवाले को खास तरजीह दी गई और भाजपा के पीएम पद के दावेदार ने अपनी तुलना अमेरिका के राष्ट्रपति से कर ली।
कांग्रेस के हमले के जवाब में भाजपा ने चायवालों को वीआईपी पास जारी किए थे। भाजपा ने यूं तो शहर के दस हजार चायवालों को निमंत्रण भेजा था, लेकिन पार्टी नेताओं का कहना है कि सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें दाखिला नहीं मिला, जो पास के बिना पहुंचे थे।
मोदी ने इस मौके पर कहा, "मुझे जानकारी मिली कि मेरी पार्टी ने रैली में चायवालों को निमंत्रण भेजा था। अगर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा आइसक्रीम बेच सकते हैं, अब्राहम लिंकन लकड़ी काटने का काम कर सकते हैं और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम अखबार बेच सकते हैं, तो मेरे चाय बेचने से दिक्कत क्या है? मेरे लिए देश का हर नागरिक अहम है।"
राजस्थान में उदयपुर के रहने वाले कमलेश पटेल बीते आठ साल से मुंबई में चाय बेच रहे हैं। उन्होंने कहा, "मोदी जिस मजबूती से अपनी बात रखते हैं, हमें वो पसंद आया।"
125 वर्ग फुट की कामचलाऊ दुकान में चाय बेचने वाले जगदीश दया ने कहा, "मोदी से मुलाकात ख्वाब पूरा होने जैसा है। आज कोई नेता नहीं, जिसकी तुलना उनसे की जा सके।"
भाजपा ने विदर्भ, नागपुर, जलगांव, अहमदनगर, औरंगाबाद और राज्य के दूसरे हिस्सों से समर्थकों को रैली तक पहुंचाने के लिए 22 ट्रेन बुक की गई थीं।