कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर नरेंद्र मोदी के निजी हमलों को लेकर कांग्रेस नेता तिलमिला गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्रियों ने मोदी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी अपने विरोधियों पर निजी हमले करते हैं और ऐसे निम्न स्तर के शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जो कि उनके चरित्र की खामियां उजागर करती है।
भारतीय मछुआरों की हत्या मामले में इटली नाविकों के मुद्दे पर मोदी ने सोनिया पर निशाना साधा था। मोदी ने इस बहाने सोनिया के विदेशी मूल के मुद्दे को फिर हवा देने की कोशिश की है।
'मोदी की शर्मनाक हरकत'
मोदी की इस कोशिश को देखते हुए कांग्रेस के नेताओं ने भी बीजेपी पर निशाना साध दिया है। चिदंबरम ने कहा कि कभी बीजेपी की ओर से कहा जाता है कि हम पांच हमारे पच्चीस तो सोनिया गांधी के खिलाफ मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए कभी दस नंबरी जैसी बात कही जाती है। .
वित्तमंत्री ने कहा जो शख्स ऐसी बात करता है, उससे साफ पता लगता है कि उसका चरित्र खामियों से भरा है। चिदंबरम ने कहा कि इटली के नाविकों का मामला सुप्रीम कोर्ट के सामने है और इस बात को उछालकर मोदी शर्मनाक हरकत कर रहे हैं।
वहीं गुजरात दंगों के बारे में एसआईटी की ओर से मोदी को क्लीन चिट देने के सवाल पर चिदंबरम ने कहा कि एसआईटी के पास ज्यादा शक्तियां नहीं होती और वे एक सामान्य पुलिस के रूप में काम करती हैं।
'ओछी राजनीति है मोदी की'
वित्त मंत्री ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट को उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई है। इसलिए अंतिम फैसला आने से पहले ये कहना बिलकुल गलत होगा कि मोदी को क्लीन चिट मिल गई है।
वहीं केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी राजनीति को निचले स्तर पर ले गए हैं। वे घटिया भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि इटली के नाविकों को लेकर मोदी का बयान दर्शाता है कि वे ओछी राजनीति पर उतर आए हैं।