प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मपत्नी जशोदाबेन को एक बार फिर आरटीआई एक्ट के तहत सूचना देने से मना कर दिया गया है। इससे पहले जशोदाबेन ने नवंबर 2014 में एक आरटीआई आवेदन के जरिए मेहसाणा पुलिस से सूचना मांगी थी जिसमें उन्हें सूचना नहीं दी गई थी।
नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जशोदाबेन को एक विशेष सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। इस सुरक्षा को लेकर जशोदाबेन ने आरटीआई के जरिए पुलिस से पूछा था कि उन्हें सुरक्षा के तामझाम में क्यों रखा जा रहा है? और उन्हें किस प्रकार का खतरा है?
लेकिन गुजरात पुलिस ने उन्हें यह कहकर सूचना देने से मना कर दिया कि यह मामला क्षेत्रीय खुफिया ब्यूरो का है जो आरटीआई के दायरे से बाहर है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जशोदाबेन ने अब दो जनवरी को फिर से आरटीआई दायर कर सूचना मांगी है।