छत्तीसगढ़ के नक्सली हमले में मारे गए कांग्रेस के आदिवासी नेता महेंद्र कर्मा के परिवार ने अपनी सुरक्षा के लिए गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे से गुहार लगाई है।
कर्मा की पत्नी देवकी और उनके चार बच्चों ने शिंदे को नक्सलियों की ओर से लगातार मिल रही धमकियों के बारे में बताया।
शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह कर्मा के परिवार को लेकर गृहमंत्रालय आए। कर्मा का परिवार छत्तीसगढ़ के बस्तर के अपने गांव से दिल्ली तक गृहमंत्री से मिलने आए थे।
गृहमंत्री से मुलाकात के बाद कर्मा के बड़े बेटे दीपक ने बताया कि उनकी पिता की हत्या के बाद नक्सली उन्हें भी अपना पुश्तैनी घर छोड़ कर जाने का दबाव डाल रहे हैं। नक्सली उन्हें रोज जान से मार डालने के धमकी दे रहे हैं।
दीपक ने कहा कि उन्हें सरकार से सुरक्षा चाहिए। दीपक दंतेवाड़ा के नगर पंचायत के अध्यक्ष हैं। परिवार के साथ आए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के मुताबिक इनके परिवार ने अपने तजुर्बे के आधार पर नक्सलियों की कमजोरियों के बारे में भी शिंदे को अवगत कराया है।
गृहमंत्री ने इस मामले को पूरी संजीदगी से देख कर सुरक्षा के हर संभव उपाय करने का वादा किया है। इस मुलाकात के दौरान गृहसचिव आरके सिंह और आईबी निदेशक आसिफ इब्राहिम भी मौजूद थे। याद रहे कि राज्य सरकार ने भी कर्मा के परिवार को सुरक्षा दे रखी है।
महेंद्र कर्मा की हत्या के पहले नक्सलियों ने उनके परिवार के कई और सदस्यों को भी मार डाला था। कर्मा के भाई पोडियाराम सहित उनके परिवार के करीब 20 सदस्य नक्सलियों की गोली का शिकार हो चुके हैं।
महेंद्र के छोटे भाई लक्ष्मण कर्मा सांसद रह चुके हैं और उनके पिता दादाबोरा कर्मा अविभाजित बस्तर के कद्दावर आदिवासी नेता थे।