मधेसी आंदोलन से प्रभावित हुई भारत से नेपाल को सामान की आपूर्ति का असर बनबसा बॉर्डर पर भी पड़ा है। सामान कम आने से जहां भंसार (कस्टम) विभाग का राजस्व घट गया है, वहीं रोजमर्रा के सामान की किल्लत भी होने लगी है। इधर, भंसार विभाग ने अब नेपाल आने वाले भारतीय टैक्सी वाहनों को महेंद्रनगर तक दी जाने वाली आवाजाही की निशुल्क सुविधा बंद कर दी है।
मधेसी आंदोलनकारियों की नाकेबंदी से नेपाल में भारत से आने वाले दैनिक जरूरत के सामान की आपूर्ति करीब दो माह से प्रभावित है। पेट्रोलियम पदार्थ नहीं आने से वाहनों को जरूरत भर का ईंधन नहीं मिल पा रहा है। पूर्वी बॉर्डर पर उपजे इस हालात का असर बनबसा बॉर्डर से लगे क्षेत्र में भी पड़ने लगा है।