गोवर्धन पूजा के दौरान अलीगढ़ के देहलीगेट थाने के कैलाश गली के मुहाने और उससे सटे सराय मियां में वृहस्पतिवार शाम दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए।
इस दौरान उनके बीच जमकर पथराव हुआ और बोतलें और गोलियां चलीं। एक परचून की दुकान को भी आग के हवाले कर दिया गया। जबकि कबाड़ की दुकान में खड़ी एक दर्जन से अधिक बाइकें भी जला दी गईं। तकरीबन ढाई घंटे तक इलाके में उत्पात मचता रहा। उसके बाद ही पुलिस इस संकरे इलाके तक पहुंच पाई।
घटना को लेकर शहर में दहशत का माहौल रहा। देर रात तक अफवाहों का बाजार गर्म रहा। गोली बारी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पत्थर लगने से तकरीबन आधा दर्जन लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कैलाश गली मोहल्ले में एक मकान के चबूतरे पर रोजाना कुछ युवक बैठते हैं। मना करने के बाद भी यह सिलसिला बंद नहीं हुआ है। वृहस्पतिवार को गोवर्धन पूजा के दौरान वहां अन्नकूट का प्रसाद वितरण और बच्चों द्वारा आतिशबाजी का कार्यक्रम चल रहा था।