ज़रा कल्पना कीजिए उस ख़ौफ़नाक लम्हे की जब शेर जैसा खूंखार जानवर आपसे कुछ कदम की दूरी पर खड़ा हो और आप पर झपट्टा मार रहा हो। कुछ ऐसा ही हुआ पाकिस्तान के फ़ोटोग्राफ़र आतिफ़ सईद के साथ। आतिफ़ का दावा है कि हमले से ठीक पहले वे इस पल को कैमरे में क़ैद कर पाए।
शेर के हमले से चंद सेकेंड पहले खींची गई तस्वीर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उस दिन को याद करते हुए आतिफ़ बताते हैं, “मैं लाहौर में सफ़ारी पर था। मैं और मेरा फ़ोटोग्राफ़र दोस्त गाड़ी में थे। लाहौर में ठंड का समय था और हल्की-हल्की धुंध थी। वहां मैने शेर देखा, काले बालों वाला। क्या शानदार जानवर है। मैं कार का दरवाज़ा खोलकर नीचे ज़मीन पर कैमरा लेकर बैठ गया ताकि लो एंगल से फ़ोटो खींच सकूँ। शेर बैठा हुआ था।"
आतिफ़ ने बताया, “शेर को तुरंत मेरी मौजूदगी का एहसास हो गया। ज़मीन पर बैठे होने की वजह से उसे शायद लगा कि कोई जानवर है शिकार के लिए। जब उसने मुझे देखा तो एक सेकेंड के लिए वह गुर्राया, गर्दन ऐंठी और मेरी तरफ़ झपटा। मैं किसी तरह कार में पहुंचने में सफल रहा। जब मुझ पर हमला हो रहा था तो उसी समय मैंने शेर की तस्वीर खींच ली।”