गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की जान को खतरा है। ऐसा कहना है समाजसेवी और पत्रकार मधु किश्वर का।
किश्वर ने खुद सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर लिखा है कि मोदी की जान को खतरा है।
हालांकि ट्वीट पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया।
मधु किश्वर ने बुधवार को ट्वीट किया था, "केंद्र सरकार के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि अगर तीस्ता सीतलवाड़ और कांग्रेस मोदी के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराने में नाकाम होते हैं तो मोदी की हत्या हो सकती है।"
किश्वर के अनुसार उन्होंने जिन सूत्रों का हवाला दिया है, वे काफी विश्वसनीय हैं। इसलिए इस जानकारी को सार्वजनिक तौर पर शेयर करना उन्हें जरूरी लगा।
लेकिन उनके ट्वीट के बाद जवाबी ट्वीट्स का सिलसिला शुरू हो गया। काफी लोग मोदी के बारे में चिंता जता रहे थे, तो कुछ किश्वर की इस सूचना की प्रामाणिकता को लेकर संदेह जता रहे थे।
किश्वर के ट्वीट के बाद कांग्रेस ने उनसे इस जानकारी का स्रोत सार्वजनिक करने को कहा है। वहीं भाजपा प्रवक्ता स्मृति ईरानी का कहना है कि यह एक गंभीर मसला है। इसकी जल्द जांच होनी चाहिए।
मधु किश्वर सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसायटी (सीएसडीएस) की फैलो हैं। इन दिनों वह मोदी की मुखर समर्थकों के तौर पर जानी जाती हैं।
किश्वर ने कुछ दिनों पहल ही अपनी पत्रिका मानुषी में 'मोदीनामा' नामक सीरीज में मोदी और उनके काम की जमकर तारीफ की थी।