अभी हाल ही में सबसे सस्ता फोन देने का दावा करने वाली कंपनी रिंगिंग बैल के स्मार्टफोन फ्रीडम 251 चर्चाओं में था कि इसी बीच एक और स्मार्टफोन सुखियों में आ गया है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक केरला में चर्चित मैंगो स्मार्टफोन (mPhone) लांच हुआ, और दिलचस्प बात इस मामले में ये रही कि फोन लांच करने के दिन ही इसके ब्रांड प्रमोटर गिरफ्तार कर दिए गए।
32 वर्षीय एंटो ऑगस्टिन और 24 वर्षीय जोसकुट्टी ऑगस्टिन पर बैंक ऑफ बड़ौदा की कालामसेरी ब्रांच के साथ धोखाधड़ी करने का कथित आरोप है। यह दोनों भाई केरला के कलपेट्टा के वायनाड जिले के हैं।
अखबारों में खूब किया गया प्रचार
मैंगो फोन (mPhone) एक केरल आधारित कंपनी ने भारतीय मोबाइल बाजार में प्रवेश किया है। उनकी वेबसाइट mphone.in पहले से ही ऑनलाइन है। यहां स्मार्टफोन की शुरुअती कीमत 11,999 रुपए दी गई है।
इस मैंगो फोन का बीते दिनों में खूब जमकर प्रचार किया गया। लांचिंग से पहले फोन के प्रचार-प्रसार के लिए केरला के नामचीन मलयालम अखबारों में फुल पेज के विज्ञापन प्रसारित किए गए।
इस स्मार्ट मैंगो फोन को केरला के कोच्चि में लांच किया गया। कपंनी ने फोन के लांचिंग समारोह के लिए एक इवेंट मैनेजमेंट कपंनी को 30 लाख का भुगतान किया।
रोजी ऑगस्टिन और उसका एक दूसरा भाई भी कपंनी के चेयरमैन हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा केस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर बैंक से धोखाधड़ी
पुलिस का दावा है कि दोनों प्रमोटर्स ने और भी कई बैंकों के साथ धोखाधड़ी की है। इन्होंने इन बैकों से जमीनों के झूठे दस्तावेज दिखाकर लोन उठाया और अब पिछले एक साल से फरार हैं।
बीते 11 जनवरी को रेडिफ की एक रिपोर्ट में कहा गया कि कपंनी मलयालम बेस एक ग्रुप की है और जिसमें पहले पहल करीब 3500 करोड़ का निवेश किया गया।
बताया गया कि कंपनी के पास स्मार्टफोन बनाने का चार साल का अनुभव है। कपंनी का रिसर्च और डेवलपमेंड सेंटर कोरिया में है और मुख्य उत्पादन प्लांट चीन के शेनजिंग में है।