बीस दिन पहले वाराणसी में जनसभा में नरेंद्र मोदी को हराने के लिए चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को जनसंवाद में कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीर चलाए। उन्होंने नरेंद्र मोदी और राहुल को हराने का आह्वान करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां राक्षस हैं, इन्हें खत्म करना है। इससे राजनीतिक भूचाल आ जाएगा। उन्होंने कहा कि ये दोनों पार्टियां खत्म हुईं तो छोटी पार्टियां आपस में लड़कर एक साल में खत्म हो जाएंगी। राजनीति में अच्छे और सच्चे लोग आएंगे।
मंगलवार को वाराणसी पहुंचे केजरीवाल ने शाम पांच बजे से कटिंग मेमोरियल कॉलेज परिसर स्थित गोकुल गार्डन में जनसंवाद के दौरान तल्ख तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां मुझे भगोड़ा कह कर प्रचारित कर रही हैं। कहां भागा हूं, यहीं तो खड़ा हूं और तुम्हारी छाती पर मूंग दलूंगा।
कहा ‘लोग हेलीकॉप्टर से आते हैं अपनी सुनाते हैं उड़ जाते हैं, बनारस की जनता स्याणी है और जवाब चाहती है। इसीलिए यह खुली जनसभा रखी है। मैं दिल्ली से सांसद बनने नहीं, महाक्रांति का आगाज करने आया हूं। बनारसियों के हाथों में पूरे देश की चाभी है।’