पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर राग अलापा है लेकिन इस बार कुछ नए और आक्रामक अंदाज में।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि कश्मीर के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच चौथा युद्ध हो सकता है।
शरीफ ने कहा, 'मेरा सपना है कि भारतीय कश्मीर आजाद हो। मुझे आशा है कि मैं मरने से पहले ऐसा होते देख सकूंगा।'
शरीफ ने कहा 'कश्मीर भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते में रोड़ा है। इस वजह से कभी भी परमाणु शक्ति से लैस दो मुल्कों के बीच जंग छिड़ सकती है।'
नवाज शरीफ का यह बयान पाकिस्तानी अखबार डॉन में प्रकाशित हुआ है।
'डॉन' के मुताबिक शरीफ यह चाहते हैं कि कश्मीर समस्या का समाधान वहां की जनता की इच्छा और संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव के तहत होना चाहिए। शरीफ यह भी मानते हैं कि कश्मीर समस्या समाधान के बिना इस इलाके में शांति संभव नहीं है।
शरीफ ने दावा किया कि भारत ही हथियारों के होड़ को बढ़ावा दे रहा है। यदि पाकिस्तान का बस चले तो वह हथियारों में पैसे बहाने के बजाय सामाजिक सुधार और गरीबी दूर करने में रकम खर्च करेगा।
पहले भी भारत और पाकिस्तान के बीच तीन युद्ध हो चुके हैं। 1965, 1971 और 1999 में ये दोनों मुल्क एक दूसरे से भिड़ चुके हैं।