कर्नाटक में शुक्रवार शाम को चुनाव प्रचार थम गया। विधानसभा में वर्चस्व कायम करने के लिए राजनीतिक दलों के बीच चली आ रही होड़ शांत हो गई है।
चुनावी आम सभाओं और रैलियों का दौर खतम हो गया है। और अब इंतजार है 5 मई का जब राज्य भर के मतदाता अपने नए नुमांइदों को चुनने के लिए मतदान डालेंगे।
इस दिन 223 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। भाजपा प्रत्याशी के निधन के बाद पिरियापटना सीट पर मतदान 28 मई को होगा।
पुलिस और चुनाव आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। 2008 के चुनाव में भाजपा को 110 सीटें मिली थी।
भाजपा ने बाद में पांच निर्दलीय विधायकों का सहारा लेकर पहली बार दक्षिण भारत में अपनी सरकार का गठन किया था। भाजपा ने समर्थन के एवज में इन सभी को मंत्री भी बनाया था। कांग्रेस को 80 सीटें तथा जनता दल (एस) को 28 सीटें मिली थी।
इस बार चुनाव प्रचार के दौरान सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस ने एक दूसरे पर जबरदस्त आरोप लगाए हैं। दोनों पार्टी के आला नेताओं ने चुनावी सभाओं में एक दूसरे को जमकर आड़े हाथ लिया।
कांग्रेस ने जहां राज्य में फैले भ्रष्टाचार पर भाजपा को कोसा तो वहीं भाजपा ने राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस को खरी खरी सुनाई।
भाजपा के स्टार प्रचारक और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की विशेष तौर पर आलोचना की वहीं कांग्रेस ने राज्य में हुए खनन घोटाले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस भाजपा पर ज्यादा हावी रही। सत्ताधारी भाजपा को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के जाने के बाद चुनाव में कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
येदियुरप्पा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा से अलग अपनी अलग पार्टी (कर्नाटक जनता पक्ष) बना ली है।
सत्ता विरोधी लहर और येदियुरप्पा के बगावती तेवर के बीच सत्ता में वापसी भाजपा का मुख्य लक्ष्य होगा। वहीं कांग्रेस भी राज्य में अपनी सत्ता बनाने की कोशिश में होगी।
जनता दल (सेक्युलर) के नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने भी अपने जनाधार वाले मैसूर क्षेत्र के अलावा राज्य के अन्य इलाकों में आक्रामक चुनावी प्रचार किया है।
1.35 लाख पुलिसकर्मी तैनात होंगे
चुनाव के दौरान राज्य भर में करीब 1.35 लाख पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसमें राज्य की पुलिस के अलावा सेंट्रल पुलिस फोर्स के जवान भी शामिल होंगे।
एडिशनल डीजीपी (ला एंड आर्डर) विपिन गोपालकृष्णा ने बताया कि राज्य पुलिस के 75000, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के 4500 होम गार्ड्स, 1200 फोरेस्ट गार्ड तथा बाकी सेंट्रल पुलिस फोर्स के जवान होंगे।
उन्होंने कहा कि 9954 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 149 बूथ बनाए गए हैं, जहां अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
कर्नाटक सरकार को अब माडर्न सिब्बल ने घेरा
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने कर्नाटक सरकार पर माडर्न ढंग से शुक्रवार को प्रहार किया।
सिब्बल ने यहां की भाजपा सरकार के लिए लेबोरेटरी फॉर करप्शन (एलओसी), करप्शन मेड इजी (सीएमई) और येद्दिरप्पशन जैसी टर्मिनोलॉजी का उपयोग किया।
संवाददाताओं ने जब 2 जी और सीडब्ल्यूजी पर इस तरह की टर्मिनोलॉजी के साथ कांग्रेस के बारे में राय पूछी तो सिब्बल चुप हो गए।
कर्नाटक की छवि खराब करने का कांग्रेस पर आरोप
भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार को लेकर कर्नाटक की छवि खराब करने का आरोप कांग्रेस पर लगाया है।
भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं को राज्य की छवि खराब करने पर आड़े हाथ लिया है।
भाजपा के महासचिव अनंत कुमार ने 100 स्टिल नॉट आउट- यूपीए स्केम नामक पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को लेकर कर्नाटक की बजाय देश का नाम खराब कर रही है क्योंकि केंद्र में तो उसी का ही राज है।
सिद्धारमैय्या को दे रहा है येदियुरप्पा का पीए टक्कर
राज्य में मुख्यमंत्री पद के तगड़े दावेदार सिद्धारमैय्या को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के पीए रहे का पू सिद्दालिंगास्वामी टक्कर दे रहे हैं।
येदियुरप्पा के काफी लंबे समय तक निजी सहायक (पीए) रहे और संकट में उनके सहयोगी सिद्दालिंगास्वामी की जीत पर येदियुरप्पा काफी आशावान हैं।
वे कहते हैं कि सिद्धारमैय्या मुख्यमंत्री बनने की कोशिश में है लेकिन उनको तो वरूणा सीट पर मेरा आदमी ही कड़ी टक्कर दे देगा।