नरेंद्र मोदी की लहर पर सवार भाजपा ने झारखंड बड़ी जीत हासिल कर ली है। अब तक की मतगणना के मुताबिक बीजेपी ने नौ सीटें जीत ली हैं। चार अन्य सीटों पर बढ़त भी बनाए हुए है।
झामुमो के उम्मीदवार शिबू सोरेन दुकमा से आगे चल रहे हैं। गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दूबे ने कांग्रेस के फुरकान अंसारी को 72 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है।
वहीं राजधानी रांची लोकसभा सीट से से भाजपा प्रत्याशी रामटहल चौधरी ने एक लाख पैंसठ हजार वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत को हरा कर चुनाव जीत लिया है।
जमशेदपुर से झामुमो का दामन थाम कर भाजपा में आए विद्युतवरण महतो ने झारखंड विकास मोर्चा के अजय कुमार को 99,874 वोटों से हरा दिया। अजय कुमार झारखंड कैडर के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी रहे हैं। वे पिछली पिछली लोकसभा में जमशेदपुर से सांसद थे।
रांची से सटे हजारीबाग से भाजपा नेता यशवंत सिन्हा के पुत्र जयंत सिन्हा ने रिकॉर्ड मतों से कांग्रेस के सौरभ नारायण सिंह को हरा दिया है। खूंटी से भाजपा नेता व लोकसभा के उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा जीत गए हैं। उन्होने झारखंड पार्टी के नेता व राज्य के पूर्व मंत्री रहे एनोस एक्का हो हरा दिया है।
लोहरदगा संसदीय सीट से भाजपा नेता सुदर्शन भगत ने कांग्रेस के रामेश्वर उरांव को पराजित कर दिया है। वहीं पलामू से भाजपा नेता व राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक बीडी राम ने राजद के मनोज कुमार व सिटिंग एमपी कामेश्वर बैठा को करारी शिकस्त देते हुए शानदार जीत हासिल की है।
झारखंड की धनबाद सीट पर भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह विजयी हो गए हैं। कोडरमा से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रॉय चुनाव जीत चुके हैं। उन्होने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाकपा माले के राजकुमार यादव को एक लाख से अधिक वोटों से हरा दिया।