अपने बेतुके और तीखे बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर से अपने बयान के जरिए सुर्खियां बटोरी हैं।
सवर्णों को विदेशी बताने वाले मांझी ने अब नीतीश कुमार को अपना अराध्य देव बताया है। मांझी ने कहा कि मैं नीतीश कुमार को अपना आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने राज्य के पहले महादलित व्यक्ति को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाया है।
मांझी ने नीतीश की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश के पास काफी बड़ा दिल है और किसी भी दूसरे व्यक्ति की तुलना में ज्यादा साहसी हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश मेरे लिए अराध्य देव से कम नहीं हैं और उन्होंने राज्य के पिछड़े और आदिवासी तबके को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नीतीश कुमार और मांझी के बीच रिश्तों में खटास की चर्चा का बाजार गर्म है। हाल ही में मांझी ने नीतीश कुमार को एक खास कार्यक्रम में आमंत्रित किया था लेकिन औपचारिक तौर पर आमंत्रित किए जाने के बाद भी नीतीश उस समारोह में नहीं पहुंचे थे। इस समारोह में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्णा सिन्हा को श्रृद्धा सुमन अर्पित किए जाने थे।