रोज की तरह ही उस दिन भी समीर (काल्पनिक नाम) अपने ऑफिस के दोस्तों के साथ लंच कर रहा था। लेकिन वह दिन उसके लिए कुछ खास था क्योंकि कुछ देर पहले ही उसको किसी चाहने वाले ने एक बढ़िया सा उपहार भेजा है। उस उपहार के अंदर क्या है इसको जानने के लिए वह बेचैन था इसलिए उसने उस गिफ्ट बॉक्स को लंच टेबल पर ही खोलने का फैसला किया।
समीर के साथ साथ उसके सभी दोस्तों की भी निगाहें उसी गिफ्ट बॉक्स पर ही टिकी हुई थी। सबके मन में एक ही बात बार बार करवटें बदल रही थी कि आखिर इस बॉक्स में ऐसा क्या है? वह गिफ्ट बॉक्स थोड़ा बड़ा और आकर्षक भी था इसलिए सबकी उत्सुकता कुछ ज्यादा ही बढ़ रही थी। सबने अपने मन में उसके अंदर रखे उपहार की एक छवि सी बना ली थी कि इसमें कुछ ऐसा हो सकता है।
आखिरकार वह समय आ ही गया जब समीर ने उस बॉक्स को खोला। उस बॉक्स के अंदर जो उपहार था उसे देखकर सबकी आंखे फटी की फटी रह गई। वह उन सबकी सोच से एकदम अलग था जिसकी शायद वह कभी उम्मीद भी नहीं कर सकते थे। उसके अंदर रखी चीज जितनी खुबसुरत थी उससे कहीं ज्यादा खतरनाक भी थी और वह किसी के होश उड़ाने के लिए काफी थी। उस गिफ्ट बॉक्स के अंदर था एक जहरीला हरा सांप।
क्या निकला गिफ्ट बॉक्स में?
यह सुनकर तो आपके भी होश उड़ गए होंगे। जाहिर सी बात है अगर हमारे गिफ्ट बॉक्स के अंदर से किसी गिफ्ट के बजाय सांप निकल जाए तो कुछ देर के लिए दिल की धड़कने थम जाना तो लाजमी है। कुछ ऐसा ही हुआ बेंगलुरु इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (बेस्कॉम) में काम करने वाले एक कर्मचारी के साथ।
यह कूरियर उसके एक सनकी पति ने भेजी थी जिसकी पत्नी बेस्कॉम में ही उस युवक के साथ काम करती थी। वह उन दोनों के एक साथ काम करने से नाराज था इसलिए उसने युवक को अपने पत्नी से दूर रखने के लिए कुछ इस अंदाज में चेतावनी दे डाली। पति ने उस सांप के साथ एक नोट भी लिखा था जिसमें युवक को उसकी (पति) पत्नी से दूर रहने की हिदायत दी थी। फिलहाल बेंगलुरु पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
यह वाकया करीब एक हफ्ते पहले हुआ था लेकिन इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब युवक ने गिफ्ट भेजने वाले के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। युवक ने बताया कि करीब हफ्ते भर पहले उसके ऑफिस में एक कूरियर आया। उसने उस बॉक्स को लंच के समय में खोलने का फैसला किया। लेकिन, जब लंच के समय उसने वह बॉक्स खोला तो वह चौंक गया। उसमें एक हरा सांप कुंडलीमार कर बैठा हुआ था। उसने उस बॉक्स को तुरंत बंद कर दिया।
फिर क्या हुआ?
कुछ देर बाद उससे उस बॉक्स को दोबारा खोला। उसमें सांप के अलावा एक खत भी था जिसे किसी अनजान व्यक्ति ने लिखा था। उस खत में उस युवक को सीधे तौर पर अनजान व्यक्ति की पत्नी से दूर रहने की धमकी दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 'जब शिकायतकर्ता ने बॉक्स खोला उस वक्त सांप सो रहा था। उसने अपने फोन से उस उसकी तस्वीर खींच ली।' मामला दर्ज करने वाले पुलिस ने बताया कि पहले तो मुझे लगा कि उसके किसी दोस्त ने उसके साथ मजाक किया होगा लेकिन ऐसा नहीं था। कूरियर पाने वाले युवक ने बताया, 'ऑफिस में वह किसी भी महिला कर्मचारी के करीब नहीं है। जिस महिला का नाम उस खत में लिखा था हमने उससे भी पूछताछ की लेकिन उसका भी इस खत से कोई संबंध नहीं था। यह एक बेहद ही गंभीर मामला है। हरा सांप काफी जहरीला होता है। अगर यह किसी को काट लेता तो वह उसके लिए खतरनाक साबित हो सकता था।'
कूरियर एजेंसी से पूछताछ करने पर पता चला कि उसमें भेजने वाले का जो पता लिखा था वह गलत था साथ ही फोन नंबर भी फर्जी निकले। बेंगलुरु सेंट्रल के पुलिस उपायुक्त संदीप पाटिल के मुताबिक इस मामले में कुछ पेशेवर लोगों का हाथ हो सकता है और पुलिस इस पीछे के किन लोगों का हाथ हो सकता है उसकी भी जांच कर रही है।