कमल हासन की फिल्म ‘विश्वरूपम’ पर प्रतिबंध लगाने को लेकर चौतरफा आलोचना झेल रहीं तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने अपने फैसले का बचाव किया है। जयललिता ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी हासन से कोई निजी दुश्मनी नहीं है, लेकिन फिल्म से हिंसा भड़कने की खुफिया सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद इस पर रोक लगाने का फैसला किया गया।
जयललिता ने हालांकि कहा कि यदि कमल हासन और मुसलिम संगठन मिलजुलकर कोई रास्ता निकालना चाहते हैं तो उनकी सरकार इसमें हर तरह का सहयोग करेगी। जयललिता ने हासन की गलती बताते हुए कहा कि सरकार ने उनसे कहा था कि वे मुसलिम संगठनों के कुछ प्रतिनिधियों को फिल्म दिखा दें। यदि उन्होंने ऐसा किया होता तो समस्या ही नहीं होती। लेकिन उन्होंने फिल्म नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि यदि हासन कुछ आपत्तिजनक दृश्यों को हटा दें तो फिल्म रिलीज करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। सूत्रों के मुताबिक 100 करोड़ रुपये की इस फिल्म को राज्य में रिलीज कराने के लिए कोशिशें जारी हैं। मालूम हो कि एक दिन पहले हासन ने कहा था कि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह देश भी छोड़ सकते हैं।
जयललिता ने जया टीवी को लेकर लगाए गए आरोपों को भी खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म पर बैन लगाने में उनका कोई निजी हित नहीं है। उन्होंने केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसा फैसला किया। यह फिल्म राज्य में 524 थिएटरों में दिखाई जानी है तो ऐसे में हर जगह पुलिस तैनात करना संभव नहीं था।
कमल हासन के भाई चंद्रा हासन ने कहा कि हम अब वही करेंगे जो सरकार कह रही है। सरकार की मदद के बिना फिल्म रिलीज करना संभव नहीं है। हम 23-24 मुसलिम संगठनों के प्रतिनिधियों से बात करने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, कमल हासन ने सहयोग की पेशकश के लिए जयललिता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के फिल्म पर बैन को वह अभी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं देंगे।
सिनेमैटोग्राफ एक्ट की होगी समीक्षा
कमल हासन की फिल्म ‘विश्वरूपम’ पर विवाद के बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि वह सिनेमैटोग्राफ एक्ट की समीक्षा करेगी। इसके लिए एक समिति का गठन भी किया जाएगा, जो इस कानून में ऐसे बदलाव करने पर सुझाव देगी, जिससे फिल्म सर्टिफिकेशन बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद फिल्म की रिलीज में कोई बाधा नहीं आए।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि यदि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन किसी फिल्म को मंजूरी दे देता है तो फिल्म की रिलीज में कोई बाधा नहीं आना चाहिए। इसलिए कानून की समीक्षा की जरूरत है।
सलमान भी उतरे समर्थन में
‘विश्वरूपम’ पर विवाद के बीच अभिनेता सलमान खान भी कमल हासन के समर्थन में उतर आए हैं। सलमान ने अपने प्रशंसकों से हासन का समर्थन करने के लिए भी कहा है। सलमान ने ट्विटर पर कहा कि फिल्म सिर्फ दो तरह की होती हैं अच्छी या खराब। हिट या फ्लॉप। जो लोग फिल्म देखने का टिकट खरीदते हैं वही यह तय करते हैं कि फिल्म कैसी है। सलमान के अलावा शाहरुख खान, महेश भट्ट और करन जौहर ने भी हासन का समर्थन किया है।