एक के बाद एक करारी हार के बाद कांग्रेस में कलह लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की सलाह के बाद पार्टी में एक बार फिर बखेड़ा खड़ा हो गया है। दिग्विजय सिंह ने सलाह दी कि राहुल गांधी को अब कांग्रेस की कमान सौंप देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा युवा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है और अब वक्त आ गया है कि कांग्रेस को राहुल गांधी को अध्यक्ष पद सौंप देना चाहिए।
दिग्विजय ने कहा कि हालांकि नेतृत्व परिवर्तन कब हो इसका फैसला खुद राहुल गांधी पर छोड़ देना चाहिए। दिग्विजय सिंह से जब ये पूछा गया कि क्यों केवल राहुल गांधी तो दिग्विजय ने पलटकर सवाल किया कि राहुल गांधी क्यों नहीं।
महंगाई कम करने के सरकार के दावे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि कच्चे तेल, सोने और डीजल की कीमतों में गिरावट आई है लेकिन गरीब आदमी रोजमर्रा की जो चीजें इस्तेमाल करता है वो जस की तस महंगी बनी हुई हैं।