भारत-पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता आगामी 25 अगस्त को इस्लामाबाद में होगी। बीते साल जनवरी महीने में दो भारतीय जवानों की हत्या के बाद दोनों देशों के बीच डेढ़ साल बाद यह पहली आधिकारिक बातचीत होगी।
यह बातचीत ऐसे समय में होने जा रही है जब एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। नई सरकार के गठन के बाद पाकिस्तान की ओर से अब तक 19 बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया है।
दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता पर सहमति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ के बीच बीते 27 मई को हुई बातचीत में ही बन गई थी। विदेश सचिव स्तर की वार्ता में भारत सीजफायर उल्लंघन, आतंकवाद का मामला उठाने के साथ ही मुंबई में आतंकी हमला मामले के मास्टर माइंड हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के साथ-साथ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने पर जोर देगा।