इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को एक बार फिर दहलाना चाहता था। आतंकी हमलों के लिए उसने पिछले महीने यहां के दर्जन भर स्थानों की रेकी की थी।
इसका खुलासा आतंकी संगठन आईएम के सह संस्थापक यासीन भटकल ने किया है। इस जानकारी के बाद महाराष्ट्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी।
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) द्वारा तैयार गोपनीय रिपोर्ट के मुताबिक आतंकी संगठन के गुर्गों ने अगस्त माह की शुरुआत में चार यहूदी पूजा स्थल समेत कम से कम 11 जगहों की रेकी की थी।
यह रिपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों की यासीन भटकल और उसके सहयोगी असदुल्ला अख्तर से पूछताछ के दौरान किए गए खुलासे के बाद तैयार की गई।
आतंकियों के निशाने पर मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय, जावेरी बाजार, कालबादेवी, मंगलदास मार्केट, लोहार चॉल, क्रॉफोर्ड मार्केट, मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन, मुंबई सेंट्रल बस डिपो, मुंबादेवी मंदिर के अलावा शहर में स्थित यहूदी के चार पूजा स्थल भी थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि गिरफ्तार आतंकियों भटकल और असदुल्ला अख्तर से पूछताछ से खुलासा हुआ है कि यहूदी पूजा स्थल और अन्य जगहों की अगस्त के पहले हफ्ते में आईएम आतंकियों ने रेकी की थी।
एटीएस ने इन जगहों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की पुलिस को हिदायत दी थी।
40 बम धमाकों का आरोपी और आईएम का सह संस्थापक भटकल को 29 अगस्त को भारत नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया था।
भटकल पर 35 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। इस महीने लश्कर के मास्टरमाइंड अब्दुल करीम टुंडा को भी सुरक्षा एजेंसियों ने नेपाल सीमा से पकड़ा था।