मुंबई पर साल 2008 में हुए सबसे बड़ा आतंकी हमला मामले में भारत आतंकी डेविड हेडली के खुलासे के आधार पर पाकिस्तान को नए सिरे से घेरेगा। इस हमले की साजिश में शामिल आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखिया हाफिज सईद, जकीउर्रहमान लखवी सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ पहले ही पाकिस्तान को 15 डोजियर दे चुका भारत अब नए सिरे से डोजियर तैयार कर इसे पाकिस्तान को सौंपेगा। इसके साथ ही भारत सईद और लखवी के प्रत्यर्पण की भी मांग दुहराएगा।
शिकागो की जेल में कैद हेडली ने मुंबई के विशेष अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दी गई गवाही में मुंबई हमले में सईद ही नहीं बल्कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से प्रमुख भूमिका निभाए जाने की बात कही है। मुंबई हमले के इतर पठानकोट हमला मामले में कार्रवाई के सवाल पर भी दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनातनी बढ़ने के आसार हैं।
दरअसल पाकिस्तान ने इस मामले में जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मौलाना मसूद अजहर के खिलाफ भारत की कार्रवाई की मांग पर अमल करने के उलट उसे क्लीन चिट दे दी है। इन दो मामलों के एक साथ सामने आने के बाद दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता की नई तारीख तय करने के मामले में पेंच फंसने के आसार बन रहे हैं।