मुंबई हमलों का गुनाहगार डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद सैयद गिलानी की आतंकी बनने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। हेडली संभ्रात परिवार से ताल्लुक रखता है और उसके आतंकी बनने की कहानी हैरान कर देने वाली है। अमेरिकी मूल की मां और पाकिस्तानी पिता की संतान हेडली का जन्म 1960 को हुआ था।
उसके पिता सैयद सलीम गिलानी पाकिस्तान के जाने-माने राजनयिक थे। वह एक ब्रॉडकास्टर भी थे। उसकी मां एलिस सेर्रिल हेडली मूल रूप से पेंसिलिवेनिया की रहने वाली थी और वाशिंगटन स्थित पाकिस्तानी दूतावास में सेक्रेटरी के तौर पर काम करती थी। संभ्रांत घराने से ताल्लुकात रखने वाले हेडली के जन्म के बाद उसका परिवार अमेरिका छोड़कर पाकिस्तान के लाहौर में बस गया।
लेकिन उसकी मां को पाकिस्तानी संस्कृति अपनाने में दिक्कत हुई और परिवार वापस लौट गया। पाकिस्तानी नियमों के मुताबिक पत्नी को अपने बेटे और पति दोनों को छोड़कर अकेले अमेरिका जाना पड़ा। सैयद सलीम गिलानी से तलाक होने के बाद उसने चार शादियां की और ज्यादातर समय दक्षिण-पूर्व एशिया और अफगानिस्तान में बिताया।