बिहार के छपरा में रेल पहिया कारखाना में उत्पादन शुरू हुए महीनों बीत गए, लेकिन इसके उद्घाटन की याद अब आई है।
रेल मंत्रालय नहीं बल्कि केंद्रीय कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप सिंह रूडी इस दिशा में मुखर हुए हैं। अपने संसदीय क्षेत्र सारण जिले में पड़ने वाले इस कारखाना का उद्घाटन रूडी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराना चाहते हैं। इसे लेकर रेल मंत्रालय को पत्र भी लिखा है।
रेल मंत्रालय ने भी इस प्रस्ताव को हाथों हाथ लिया है और कारखाने के उद्घाटन के लिए पीएमओ से कोई तिथि देने के लिए पत्र लिखा है।
हालांकि अभी पीएमओ ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है। लेकिन इतना जरूर तय है कि अगले वर्ष बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की बोई फसल को रूडी ने काटने की तैयारी कर ली है। लालू प्रसाद ने ही 2008 में कारखाने की आधारशिला रखी थी।