केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने रविवार को कहा कि हैदराबाद में बृहस्पतिवार को हुए दोहरे बम धमाके मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब और संसद पर हमले के अपराधी अफजल गुरू को हुई फांसी पर बदले की आतंकवादी कार्रवाई है।
शिंदे ने कहा कि दोनों आतंकवादियों को फांसी पर लटकाए जाने के बाद सरकार को आतंकी गुटों की ओर से बदले की कार्रवाई किए जाने की आशंका थी। इसी के चलते राज्यों को अलर्ट जारी किए गए थे। कसाब को पिछले साल नवंबर में पुणे जेल में जबकि अफजल को इसी महीने की शुरुआत में तिहाड़ जेल में फांसी पर लटकाया गया था।
गृहमंत्री ने कहा कि हैदराबाद बम धमाकों में शामिल दोषियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा। हैदराबाद बम धमाकों में 16 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे।
शिंदे ने कहा कि हमें घटनास्थल से कुछ सामग्री मिली है और इनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। जल्द ही इनके नतीजे आ जाएंगे और दोषियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी केंद्र (एनसीटीसी) के गठन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं राज्यसभा में कह चुका हूं कि हम एनसीटीसी को आगे बढ़ाएंगे। कई राज्य अभी भी इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन हम इस पर उनसे बात करेंगे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ इस मुद्दे को उठाए जाने पर शिंदे ने कहा कि हमने इस मसले को उनके साथ उठाया है। उनसे इस पर मदद मिलने की उम्मीद है।