फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस पर गिरा हाई वोल्टेज तार, तीन की मौत

Mon, 28 Jul 2014 01:28 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, एरवाकटरा (औरैया)
विज्ञापन
विज्ञापन
औरैया जिले के एक पेट्रोल पंप पर रविवार सुबह डीजल भरवाकर बैक करते वक्त प्राइवेट बस एचटी लाइन के पोल से टकरा गई।
विज्ञापन


पोल टूटने से एचटी लाइन टूटकर बस पर आ गिरी और बस में आग लग गई।

हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और दर्जन भर से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मरने वाली महिलाएं सास-बहू हैं।

डेढ़ घंटे तक जलती रही बस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस डेढ़ घंटे तक जलती रही लेकिन सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। कड़ी मशक्कत कर पेट्रोल पंप के अग्निशमन यंत्रों और लोक निर्माण विभाग के वाटर टैंक से आग बुझाई गई।

घटना से नाराज लोगों ने एसडीएम की गाड़ी पर पथराव कर तहसीलदार से धक्कामुक्की की। मैनपुरी के किशनी से बिधूना जा रही एक प्राइवेट बस सुबह 10.10 बजे एरवाकटरा पहुंची।

एरवाकटरा से चलने के बाद ड्राइवर ने एरवाटीकुर स्थित पेट्रोल पंप पर बस में डीजल भरवाया। पेट्रोल पंप पर बैक करते समय बस का पिछला हिस्सा एचटी लाइन के पोल से टकरा गया।

इससे पोल टूटा गया और एचटी लाइन बस पर गिर गई जिससे पूरी बस में करंट दौड़ गया। देखते ही देखते बस में आग लग गई। इससे कोहराम मच गया।

आठ गंभीर रूप से जख्मी

स्थिति को भांप चालक बस से कूद गया। बस में सवार यात्रियों ने भी कूदकर किसी तरह जान बचाई। बस जलती देख पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने बचाव कार्य में लग गए।

फोन से फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। बस डेढ़ घंटे तक जलती रही लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंचे।

हादसे में गधाइन थाना अछल्छा निवासी लाखन सिंह (55), मारवाड़ी कुकरकाट थाना एरवाकटरा निवासी कमला देवी (45) पत्नी राजू और उसकी सास जीवनी (65) की गंभीर रूप से झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई।

इसके अलावा दर्जन भर से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें से आठ लोगों को मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है।
विज्ञापन

मृतकों के परिवार को दो-दो लाख

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने औरैया के एरवा कटरा कस्बे में बस पर हाईटेंशन बिजली लाइन गिरने से हुए हादसे में मृत लोगों के परिवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

साथ ही विद्युत विभाग के संबंधित अवर अभियंता (जेई) को निलंबित करने का निर्देश दिया है। मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता में एक लाख रुपये मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से और एक लाख रुपये उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को घटना की जांच कर अन्य दोषियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई को कहा है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस घटना में घायल व्यक्तियों के इलाज में पूरी मदद करने का निर्देश दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें