ये सही है कि सफाई करना एक अच्छा काम है। लेकिन सुबह सात बजे से पहले सफाई करना आपको जेल की हवा खिला सकता है। अमेरिका में एक सफाईकर्मी को सुबह निर्धारित समय से पहले सफाई करने के चलते 30 दिन की जेल हो गई है।
घटना अमेरिका के जॉर्जिया राज्य की है। यहां सुबह सात बजे से पहले सफाई न करने का फरमान जारी है। यह इसलिए जारी किया गया है कि ताकि लोगों की नींद खराब न हो। लेकिन सफाईकर्मी केविन मैकगिल एक दिन सुबह पांच बजे ही सफाई करने आवासीय कॉलोनी पहुंच गया और सफाई करने लगा।
इस घटना का पता चलने पर शहर ने केविन पर इस अध्यादेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। शहर के वकील ने बताया कि इससे पहले भी ऐसी घटना को लेकर सफाई कराने वाली कंपनी पर कई बार जुर्माना लगाया गया है। साथ ही चेतावनी भी दी गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
इसलिए वकील ने अदालत में केविन को सीधे जेल की सजा सुनाने की अपील कर दी। अदालत ने भी उसे 30 दिनों की सजा सुना दी है। उसे सिर्फ इतनी रियायत दी गई है कि वह हर शनिवार-रविवार को जेल में रहकर अपनी सजा पूरी करे ताकि वह अपने बच्चों का पेट पाल सके।