झारखंड एवं बिहार से नई दिल्ली को जाने वाली ट्रेनों से लड़कियों की तस्करी हो रही है। शनिवार को इसके सबूत भी मिले। रांची -नई दिल्ली गरीब रथ में पकड़ी गई लड़की ने तस्करी में कोच अटेंडेंट के शामिल होने की जानकारी दी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रेलवे पुलिस के मुताबिक बचाई गई युवती ने उनको बताया कि उसे कंबल रखने वाले केबिन में बंद कर नई दिल्ली ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि रांची से नई दिल्ली जा रही 12877 गरीब रथ के कोच नंबर जी-6 में कंबल रखने की केबिन में किसी यात्री ने इस लड़की को देखा था जिसके बाद उसने फोनकर इसकी सूचना जीआरपी कंट्रोल रूम को दे दी।
यात्री की सूचना के आधार पर ट्रेन को इटावा स्टेशन पर रोका गया। जीआरपी और आरपीएफ ने कोच की तलाशी ली तो कंबल रखने की केबिन में 12 वर्षीय लड़की मिली।