बाइकर्स युवकों की छेड़छाड़ से तंग छात्राओं के सब्र का बांध आखिर टूट ही गया। पुलिस ने भी जब मदद नहीं की तो उन्होंने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें दौड़ा लिया। एक युवक की मौके पर ही घेरकर जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस उसे अपने साथ ले गई। मामला दो संप्रदायों के बीच होने के कारण शहर में गश्त प्रभावी कर दी गई है।
शनिवार की शाम को हयातनगर, सरायतरीन, संभल की युवतियां रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए सरथल चौकी से सूर्य कुंड तीर्थ वाले रास्ते से गुजर रही थीं। रास्ते में स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर पिछले कुछ दिनों से दूसरे समुदाय के बाइक सवार युवक छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहे थे, फब्तियां कस रहे थे।
शनिवार को करीब चार बजे जब छात्राएं ट्यूशन के लिए निकलीं तो युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्राओं के परिजन पहले से ही तैयार थे। वे युवकों पर टूट पड़े। छात्राएं भी पीछे नहीं रहीं। तीन युवक तो भाग गए लेकिन एक युवक की बाइक हड़बड़ाहट में बंद हो गई। परिजनों और मोहल्लों वालों के साथ छात्राओं ने भी उसकी जमकर पिटाई की। गौरतलब है दो दिन पूर्व एक मनचले ने एक छात्रा के सिर में पानी की बोतल मार दी थी।