मशहूर नाटककार, अभिनेता और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित साहित्याकार गिरीश कर्नाड को ट्विटर पर जान से मारने की धमकी मिली है। गिरीश ने मंगलवार को एक विवादित बयान देते हुए केंपेंगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम टीपू सुल्तान के नाम पर रखने की बात कही थी।
उनके ट्विटर पेज पर 'इनटॉलरेंट चंद्रा' नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया था, 'अगर गिरीश कर्नाड ने केंपेगौड़ा हवाई अड्डे का नाम टीपू सुल्तान के नाम पर रखने की मांग की तो उनका भी वही हश्र होगा जो एमएम कुलबर्गी का हुआ था।' हालांकि बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया।
मंगलवार को कर्नाटक सरकार की ओर से आयोजित टीपू जयंती कार्यक्रम में गिरीश ने यह विवादित बयान दिया था। इस कार्यक्रम के विरोध में राज्य में कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता की मौत भी हो गई थी।
विवाद बढ़ने पर गिरीश ने माफी मांगी
टीपू जयंती कार्यक्रम में बयान देने के बाद गिरीश के खिलाफ हिंदुओं की भावनाएं भड़काने और वोक्कालिगा समुदाय का अपमान करने को लेकर बंगलुरू पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई।
अपने बयान पर विवाद बढ़ता देख गिरीश कर्नाड ने माफी मांगते हुए एक बयान जारी किया, कि अगर उनके बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं।
गिरीश को ट्विटर पर धमकी मिलने के बाद बंगलुरू पुलिस का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली है अगर उनके पास इस मामले में शिकायत दर्ज की जाती है तो पुलिस जरूरी कानूनी कार्रवाई करेगी।
टीपू सुल्तान जयंती मामले में भाजपा सांसद को जान से मारने की धमकी
टीपू सुल्तान की जयंती मनाने को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में गिरीश कर्नाड के बाद अब मैसूर-कोडागू से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा को भी जान से मारने की धमकी मिली है। सांसद को यह धमकी एक फेसबुक पेज के जरिए दी गई। सांसद ने पुलिस को धमकी की शिकायत दी है।
दरअसल सांसद प्रताप सिम्हा ने टीपू सुल्तान की जयंती मामले पर टिप्पणी की थी। इसी के बाद उन्हें धमकी मिली।पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।
बता दें कि टीपू सुल्तान के नाम से बने फेसबुक पेज पर सांसद प्रताप सिम्हा को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस पेज पर सांसद की तस्वीर के साथ एक पोस्ट में कन्नड़ भाषा में लिखा गया है कि 'अगर तुमने मुस्लिम विरोधी बयान देकर राजनीति की तो तुम्हारा भी वही अंजाम होगा।'
पोस्ट के टाइटल में लिखा गया है कि 'प्रताप अपना अंजाम कुटप्पा जैसा नहीं चाहते होंगे।' इस धमकी भरे पोस्ट पर सांसद प्रताप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है कि विहिप नेता कुटप्पा की मौत अपने आप नहीं हुई है। सांसद को धमकी मिलने के बाद उनकी और घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।