फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेजर के घुसने से वीके सिंह के घर में अफरा-तफरी

Sun, 06 Jan 2013 01:00 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह के साथ विवादों का सिलसिला थम नहीं रहा है। जनरल सिंह के परिवार ने शनिवार को उनके सरकारी निवास पर बिना पूर्व सूचना के आए मेजर आर. विक्रम सिंह पर जासूसी उपकरण लगाने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


निवास पर लगे टेलीफोन एक्सचेंज को वापस लेने आए सिग्नल रेजिमेंट के इस मेजर को घर के भीतर ही बंद कर देने के चलते खासी अफरा-तफरी मच गई। उधर सेना ने जासूसी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। बाद में सेना ने इस घटना को लेकर जनरल सिंह के परिवार से माफी भी मांगी है।

दरअसल जनरल सिंह को मिली जेड स्तर की सुरक्षा के चलते उनके मंदिर मार्ग स्थित सरकारी निवास पर खास एक्सचेंज लगाया गया था। पिछले नवंबर में सुरक्षा घेरा हट जाने की वजह से रक्षा मंत्रालय ने एक्सचेंज को हटाने का फैसला लिया। इसी वजह से मेजर विक्रम जनरल सिंह के घर गए थे।
विज्ञापन


जनरल सिंह के परिवार वालों ने मेजर को रोक कर कुछ मीडिया वालों को भी फोन कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेजर बिना पूर्व इजाजत के उनके घर में घुस आए और हो सकता है उन्होंने घर में जासूसी उपकरण लगा दिया हो। उन्होंने सरकार द्वारा जनरल सिंह की सुरक्षा हटा लिए जाने पर भी सवाल खड़ा किया।

जनरल सिंह के वकील विश्वजीत सिंह ने कहा कि जनरल के परिजनों ने इस मेजर को घर के भीतर देखा। पूछे जाने पर यह मेजर वहां होने की कोई ठोस वजह नहीं बता रहा था और न ही उसके पास एक्सचेंज हटाने संबंधी जायज कागजात थे। विश्वजीत के मुताबिक सरकार ने पहले तो जनरल का सुरक्षा घेरा हटा लिया अब उनकी जासूसी कराने की कोशिश की जा रही है।

सेना ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनरल सिंह के घर से टेलीफोन एक्सचेंज हटाने के लिए ही कुछ अधिकारी उनके निवास पर गए थे। लेकिन पूर्व सूचना नहीं देने की वजह से गलतफहमी फैल गई। सेना ने अपने बयान में कहा है कि संवाद में कमी के चलते जनरल सिंह के परिवार ने एक्सचेंज हटाने पर आपत्ति जताई। सेना के मुताबिक अब यह टीम नई तारीख तय कर और पहले से इजाजत लेकर जनरल सिंह के घर जाएगी।

संवाद में कमी के चलते गलतफहमी हो गई थी। एक्सचेंज हटाने की पूर्व सूचना जनरल वीके सिंह के परिवार को नहीं दी गई थी। इससे परिवार को जो परेशानी हुई, उसके लिए श्रीमती भारती सिंह (जनरल वीके सिंह की पत्नी) से मिलकर मैंने माफी मांगी है।--सुब्रतो मित्रा, लेफ्टिनेंट जनरल
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें