एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की मां अनुराधा शर्मा का आत्महत्या से पहले बेटे अंकित के नाम लिखा एक पत्र शनिवार को सामने आया है। हिंदी में लिखे नोट में उन्होंने अपने बेटे से न्याय के लिए मजबूती से लड़ने मीडिया से दूरी बनाने की बात कही है। उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद अपने शव को घर न लाकर सीधे श्मशान घाट ले जाने की भी इच्छा जताई थी।
सूत्रों के मुताबिक, नोट में लिखा है कि वह बेटी की मौत से उबर नहीं पा रही हैं। हर समय उनकी बेटी का चेहरा आंखों के सामने घूमता रहता है। घुट-घुटकर मरने से अच्छा है कि वह आज ही मौत को गले लगा लें। अनुराधा ने सुस्त न्याय प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बेटी को इंसाफ मिलने में देरी की बात भी लिखी है।
अंकित को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा कि वह गीतिका की मौत के जिम्मेदार लोगों को छोड़े नहीं, उन्हें हर हाल में सजा दिलाए। अंत में उन्होंने लिखा है कि वह अपने पूरे परिवार से बेहद प्यार करती हैं और उन्हें परिवार को छोड़ने का मलाल है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अनुराधा के दोनों नोट बेहद भावनात्मक हैं। नोट में उन्होंने अपने अकेलेपन और दहशत का जिक्र किया है।