कसीनो, लक्ज़री होटल, जुआ, नाइट पार्टी का नाम लेते ही जेहन में अमेरिका के लास वेगास शहर का नाम पहले आता है। ये आश्चर्यों से भरा शहर है, जहाँ कहावत है - “वेगास में जो कुछ होता है, वेगास में ही रहता है (यानी पर्दे के पीछे)।” खासकर जब बात कसीनो में जीतने की हो, तब कोई हैरानी की बात नहीं कि इस शहर की कई सीक्रेट्स हैं।
सवाल और जवाब की इंटरनेट साइट क्वोरा डॉटकॉम पर कुछ लोगों ने इस बारे में चुप्पी तोड़ते हुए कसीनो के बारे में वो पांच बातें बताईं जो आम तौर पर कोई नहीं बताता।
शराब पीकर हार पक्की
कई यात्री वेगास में जुआ खेलने के साथ मुफ्त में परोसी गई बेहतरीन शराब को वाजिब सहूलियत मानते हैं। जुआ खेलते हुए लोगों को शराब पिलाना इन जुआघरों की सोची समझी रणनीति है।
नेवाडा में पले-बढ़े जॉन मिक्सन कहते हैं, “शराब के पैग आपके फैसलों और सोचने की शक्ति में बाधा पैदा करेंगे। अगर आप यहां जीतने आए हैं, तो आपको नशे के बिना जुआ खेलने की जरूरत है।”
जुआघरों का दबदबा
क्वोरा डॉटकॉम पर जवाब देने वालों ने बार-बार कहा कि हर गेम में जुआघर कुछ न कुछ फायदे की स्थिति में रहते हैं- लेकिन ये अलग-अलग तरह से होता है।
कैलिफोर्निया के सॉफ्टवेयर इंजीनियर इलिया वेगमैन और लास वेगास के होटल प्रबंधक जेन सेंग मानते हैं कि लोकप्रिय टेबल गेम्स में 'रुलेट' को जीतना सबसे मुश्किल है। डबल जीरो 'रुलेट' व्हील्स गेम में जुआघर लगभग 5 प्रतिशत फायदे की स्थिति में होते हैं।
मिक्सन कहते हैं कि लास वेगास के छोटे जुआघरों के गेम अपेक्षाकृत कुछ आसान होते हैं, क्योंकि वे सबसे अच्छे डीलर को बनाए रखने का जोखिम नहीं उठा सकते।
लास वेगास के निवासी डॉन डॉसन कहते हैं, “लाइव पोकर को छोड़कर बाकी सभी गेम्स में जुआघर लाभ की स्थिति में होते हैं। ये एकमात्र गेम है जिसमें कसीनो सीधे खिलाड़ियों से पैसा नहीं लेते हैं। ये एकदम से आप और आपके कौशल पर निर्भर है कि आप कितना जीतते या हारते हैं।”
गुमराह करने का प्लान
कसीनो में घुसने के बाद आपको अपना रास्ता खुद तलाशना होता है और ये काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वेगमैन कहते हैं, “कसीनो के फ्लोर इस तरह से डिजाइन किए जाते हैं कि बाहर का रास्ता आसान न हो। कसीनो में आप इसलिए खो जाते हैं, क्योंकि जुआघर चाहता है कि आप खो जाएँ। फिर इससे पहले कि आप कुछ सोच पाएँ, आप खाली मशीन पर सीट पाते हैं और जुए में डूबते हुए कुछ रकम दांव पर लगा देते हैं।”
कसीनो में घड़ियां नहीं होती
जुआघर चाहते हैं कि आप खोए रहें, और इसीलिए कसीनो में आपको कोई घड़ी नहीं नज़र आएगी। लास वेगास निवासी गैरिक साइटो कहते हैं, “वे नहीं चाहते कि आप कहें- मुझे देर हो रही है - बहुत हुआ, चलें। जितनी देर आप खेलेंगे, उतनी ही संभावना है कि आप पैसा गंवाएंगे।”
जीतो और निकलो
क्वोरा डॉटकॉम पर जवाब देने वाले लगभग हर व्यक्ति का मानना था कि पैसे जीतकर घर ले जाने का एकमात्र तरीका यही है कि यदि कोई बाजी जीत जाएं तो खेल बंद करें और निकल चलें।
मिक्सन कहते हैं, “आप जितनी देर वेगास में रहेंगे संभवत: कुल मिलाकर एक या दो बार जीतेंगे, यदि आप जीतें तो बस उठें और बाहर निकल जाएं। अगर आप ऐसा नहीं करते तो निश्चित ही आप ब्याज समेत सारी रकम वहीं गंवा बैठेंगे।”