मैनपुर के गांव गग्गरवाला में प्रधानी चुनाव की रंजिश में दो प्रत्याशियों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
फायरिंग के दौरान ही पुलिस भी पहुंच गई लेकिन अतिरिक्त फोर्स आने तक गांव में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। बाद में पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने शव कब्जे में नहीं लेने दिया।
घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। गांव में एक दिसंबर को ग्राम पंचायत के लिए वोट पड़े थे। यहां से दीपू यादव और अजेंद्र यादव प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। अजेंद्र के पिता दो बार प्रधान रह चुके हैं। निवर्तमान प्रधान भी वही हैं।