छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान मेरठ कॉलेज और डीएन कॉलेज में पुलिस फोर्स के सामने ही अराजकता होती रही। एबीवीपी, समाजवादी छात्रसभा और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट व फायरिंग हुई।
वोटिंग शुरू होते ही छात्र नारेबाजी, हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। शाम को नतीजे आने तक कई बार मारपीट और फायरिंग की घटनाएं हुईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मेरठ कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में हर बार बवाल होता है। शनिवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले सभी पैनलों के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ कॉलेज के बाहर जमा हो गए। जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी होने लगी।
दोपहर को एबीवीपी और निर्दलीय दुष्यंत तोमर के समर्थक हंगामा कर रहे थे तो समाजवादी छात्रसभा ने इनका विरोध किया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अलग किया। तभी एक छात्र ने कई राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग होते ही छात्रों में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को खदेड़ा। उसके बाद तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों को पुलिस ने वहां से हटाया। इसके बाद भी तीनों पैनलों के समर्थक नारेबाजी और हंगामा करते रहे। इतना सब होने के बाद भी पुलिस अफसर अनजान बने रहे। मारपीट और फायरिंग की घटना को पुलिस अधिकारी आतिशबाजी बताते रहे।
भाजपा नेता के पहुंचने पर हंगामा
भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा कार्यकर्ताओं के साथ एबीवीपी के छात्रों का समर्थन करने पहुंचे। नारेबाजी शुरू होते ही समाजवादी छात्रसभा के नेता भड़क उठे। उन्होंने विनीत शारदा का विरोध शुरू कर दिया। माहौल गरमाने लगा तो पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत किया। हालांकि, अन्य दलों के कई नेता छात्रसंघ चुनाव के मतदान में नजर आए, जिनका विरोधी गुटों ने विरोध जताया। हालात देखते हुए आरएएफ बुलाई गई।
अतुल प्रधान ने भी मारे थप्पड़:
समाजवादी छात्रसभा के प्रदेशाध्यक्ष अतुल प्रधान ने छात्रों को थप्पड़ मारकर शांत किया। विरोध करने पर एबीवीपी के समर्थकों ने अतुल प्रधान के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा किया। पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को लाठी फटकार कर खदेड़ा, जबकि छात्रसभा को चेतावनी दी। एसपी सिटी ओमप्रकाश ने कहा कि हंगामा करने वाले छात्रों को कतई नहीं बख्शा जाएगा।
बैरिकेडिंग कर रूट डायवर्जन:
पुलिस ने शुक्रवार शाम ही कुटी चौराहे, कमिश्नरी चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रूट डायवर्ट कर दिया था। बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिस फोर्स ने मतदान करने वाले छात्रों को छोड़कर अन्य युवकों को एंट्री नहीं दी। इससे वहां से गुजरने वाले लोगों को दिनभर परेशान होना पड़ा।
बाहर बवाल, अंदर वोटिंग:
मेरठ कॉलेज के बाहर शनिवार को दिनभर बवाल और अंदर वोटिंग का सिलसिला चलता रहा। मतदान करने वाले छात्र-छात्राओं ने पुलिस फोर्स से हंगामा होने का ऐतराज भी जताया। बैरिकेडिंग के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक छात्र-छात्राओं पर अपने पक्ष में मतदान करने का दबाव बना रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने छात्रनेताओं को बैरिकेडिंग से हटाया।
गाय का उत्पात, कई वाहन क्षतिग्रस्त
दोपहर को एक गाय ने कॉलेज के बाहर नो एंट्री में जमकर उत्पात मचाया। इससे आरएएफ की दो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गाय के उत्पात से पुलिस फोर्स में भी अफरातफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि गाय बैरिकेडिंग में फंस गई थी।
डीएन कॉलेज के बाहर लाठीचार्ज:
शुक्रवार रात एबीवीपी और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई थी। इसमें दर्जनों छात्र घायल हुए थे। शनिवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले दोनों पक्षों के समर्थकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। उसके बाद छात्र कॉलेज से थोड़ी दूर रहे। पुलिस ने बताया कि कुछ छात्र कॉलेज में बवाल कराने की फिराक में थे।