बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हमेशा अपने नए कारनामों के जरिए सुर्खियों में रहने वाले अतीक अहमद इस बार एक शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से अपने नाबालिग बेटे से फायरिंग कराने को लेकर चर्चा में है।
रविवार को भी पूरे दिन यह वीडियो चर्चा में रहा। सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों तक में इसे खूब दिखाया गया। हालांकि इस मामले में जिले के पुलिस अफसर चुप्पी साधे हुए है। उनका कहना है कि वीडियो मिले तो इसकी फोरेंसिक जांच कराने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अतीक अहमद शहर पश्चिमी से पांच बार विधायक और एक बार फूलपुर से सांसद रह चुके हैं। राजूपाल हत्याकांड में सीबीआई जांच के आदेश से जहां अतीक के लिए परेशानी बढ़ी है, उसके ठीक दूसरे दिन अतीक के नाबालिग बेटे के शादी समारोह में हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हो जाने से अतीक चौतरफा घिर गए हैं।