फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संभल: धार्मिक स्थान में लगाई आग, पहुंची फोर्स

Thu, 03 Jul 2014 03:23 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद में संभल के मंडी किशनदास सराय के कागजी सराय क्षेत्र में एक धार्मिक स्थान में घुसकर किसी अराजक तत्व ने आग लगा दी। संयोग ही था कि आग फैली नहीं। सुबह को अजान देने जब मोअज्जिन पहुंचे तो हालात देखकर दंग रह गए।
विज्ञापन


पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी फोर्स के साथ पहुंच गए। 18 जून को हयातनगर में भी एक अन्य धार्मिक स्थान को इसी तरह आग लगाई गई थी जिसके बाद कई दिनों तक बवाल मचा रहा।

दूसरी बार ऐसी घटना होने से साजिश साफ दिख रही थी जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ रहा था। हालांकि उनको किसी तरह समझा बुझाकर शांत किया गया। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन

आक्रोशित लोगों को किया गया शांत

शहर कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशनदास सराय स्थित धार्मिक स्थान में मुकद्दस माहे रमजान में सुबह को अजान लगाने के लिए जब मोअज्जिन अलाउद्दीन पहुंचे तो वहां मस्जिद के अंदर सफें और टोपियां आदि जलीं हुईं देखी। किसी ने रात को ही मस्जिद में घुसकर उनमें आग लगा दी थी। अजान के बाद जब लोग नमाज के लिए पहुंचे। उन्होंने भी इस पर नाराजगी व्यक्त की। इमाम मुहम्मद हसन अशरफी भी पहुंच गए।

ग्राम प्रधान मेहरान की सूचना पर एडीएम डा. एसएन सिंह, एएसपी विनोद कुमार मिश्र, एसडीएम सीपी तिवारी, सीओ जगवीर सिंह अत्री, कोतवाल राकेश चौहान आदि मौके पर पहुंचे। घटना से आक्रोशित लोगों को आश्वस्त किया कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। लोगों को समझा बुझाकर शांत किया गया। साफ सफाई कराने के बाद समय पर ही नमाज अदा की गई।

संभ्रांत लोगों ने भी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी तैनात कर दी गई। बाहरी थानों से बुलाई गई फोर्स को वापस कर दिया गया। हालांकि घटना की सूचना शहर व ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंच गई। लोग माहौल खराब होने की आशंका को लेकर दिनभर फोन करते रहे।

मामले की तफ्तीश शुरू

कागजी सराय मस्जिद के इमाम मुहम्मद हसन अशरफी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मस्जिद के अंदर घुसकर आग लगाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

इमाम मुहम्मद हसन अशरफी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहाकि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दीवारों के सहारे मस्जिद के अंदर प्रवेश करके वहां सफें (चटाइयों) व प्लास्टिक की टोपियों आदि में आग लगा दी है।

सुबह को देखा तो वहां राख पड़ी हुई थी। जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा-295 व 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

इस घटना के बारे में इनका कहना है:

सुबह अजान लगाने के लिए पहुंचे मोअज्जिन ने मस्जिद में सफे व टोपियों की जली हुई राख देखी। इसके बाद सूचना पर मैं भी पहुंच गया। जिसमें भी यह कार्य किया, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
-मुहम्मद हसन अशरफी, इमाम मस्जिद, कागजी सराय संभल

घटना दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है, प्रथम दृष्टया माहौल खराब करने की साजिश है। कतिपय तत्व इसका फायदा भी उठाना चाहते हैं। इन्हें चिन्हित करके अलग से भी कार्रवाई की जाएगी। मस्जिद में जाकर आग लगाने के अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। शीघ्र दोषी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद कुमार मिश्र, एएसपी संभल

मस्जिद में घुसकर आग लगाने की घटना दुखद है, रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है, पुलिस प्रशासन दोषियों पर कड़ाई से कार्रवाई करेगा। उलमाओं, गणमान्य लोगों से भी अपील की गई है कि पुलिस को भी सही जांच के लिए समय दे, शांति व्यवस्था में सहयोग करें।  
- कर्ण सिंह चौहान, जिलाधिकारी संभल

मस्जिद के अंदर जाकर आग लगाने की यह दूसरी घटना है। यह गंभीर मामला है, शीघ्र की सर्विलांस आदि के उपयोग से वास्तविक दोषी का पता लगाया जा रहा है। हालांकि अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
- ब्रह्मपाल सिंह, प्रभारी स्थानीय अभिसूचना इकाई संभल
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें