कमल हासन द्वारा देश छोड़ कर चले जाने की ‘धमकी’ से सन्न दक्षिण भारत का फिल्म उद्योग और बॉलीवुड उनके साथ उठ खड़े हुए हैं। सभी ने एक स्वर में कहा है कि जो कुछ हो रहा है वह कमल हासन के लिए प्रताड़ना से कम नहीं है।
बॉलीवुड के किंग खान, महेश भट्ट, श्याम बेनेगल समेत दक्षिण भारत के कलाकार उनके पक्ष में बयान दे रहे हैं। सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष लीला सैमसन ने भी तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई है। केंद्र सरकार ने भी हासन के बयान के बाद कहा कि देश में हर किसी को अभिव्यक्ति की आजादी हासिल है और कलाकार अपनी मर्जी का काम कर सकते हैं।
सैमसन ने कहा कि वह इस मुद्दे को केंद्र सरकार के सामने उठाएंगी कि जब सेंसर बोर्ड किसी फिल्म को प्रमाणपत्र दे चुका है तो राज्य सरकारें कैसे उसे प्रतिबंधित कर सकती हैं। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु सरकार ने ‘विश्वरूपम’ पर दो सप्ताह का बैन लगा रखा है। कमल हासन प्रतिबंध हटाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
शाहरुख खान ने कहा कि निर्माता (फिल्म: बिल्लू/ओम शांति ओम) के रूप में वह ऐसी मुश्किलों से दो-चार हो चुके हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज ने ही कमल हासन की इस फिल्म के विजुवल इफेक्ट्स का काम किया है।
दक्षिण भारत के स्टार ऐक्टर सिद्धार्थ ने ट्विटर पर तमिलनाडु सरकार को ‘तालिबान’ बताया है। वहीं स्टार नागार्जुन ने कहा, ‘मैंने फिल्म नहीं देखी है लेकिन मैं कमल जी को लंबे समय से जानता हूं। वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो किसी की भावनाओं को आहत करें।’ हासन के अच्छे मित्र रजनीकांत भी फिल्म को लेकर उन्हें अपना समर्थन दे चुके हैं।
निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने तमिलनाडु सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि यह प्रतिबंध राज्य का आतंकवाद है। उन्होंने कहा कि किसी राज्य सरकार को कानून व्यवस्था की आड़ में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा यह विडंबना है कि तमिलनाडु से एमजीआर, करुणानिधि और खुद मुख्यमंत्री जयललिता जैसे नेता फिल्मों से आए हैं और उसके बाद एक कलाकार के साथ यह बर्ताव किया जा रहा है।