महाराष्ट्र पुलिस ने एक कंपनी के सीईओ को पिछले तीन साल से अपनी बेटी का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी में तरक्की पाने के लिए आरोपी सीईओ चाहता था कि उसकी बेटी उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समय बिताए। लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार, पुलिस ने सीईओ के 65 वर्षीय पिता को भी इसी आरोप में गिरफ्तार किया है। साथ ही दो महिलाओं को लड़की के साथ मारपीट करने और धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अपराध शाखा के इंस्पेक्टर राजेंद्र मलिक ने बताया कि लड़की कॉमर्स स्नातक की छात्रा है। उसकी शिकायत के अनुसार, उसके पिता और दादा हमेशा उसका यौन उत्पीड़न करते थे। उससे मारपीट के साथ साथ धमकी भी देते थे।
पुलिस ने बताया कि लड़की की मां परिवार के साथ नहीं रहती है। इंस्पेक्टर मलिक ने बताया कि लड़की अपने पिता के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के पास नहीं गई लेकिन उसके पिता और दादा उसका लगातार यौन उत्पीड़न करते रहे।
उन्होंने बताया कि लड़की कुछ समय के लिए होटल में ठहरी हुई थी लेकिन बाद में वापस उसे घर लाया गया। उससे मारपीट की गई और घर में कैद कर दिया गया। हाल ही में एक दिन जब लड़की अपने मां से मिलने गई तो उनकी मदद से पिता और दादा के खिलाफ थाने में शिकायत की।